General Election Results 2019: अबकी बार 300 के पार, मोदी के दम के आगे विपक्ष के दिग्गज बेदम
लोकसभा चुनाव के नतीजों की पूरी तस्वीर आने में भले वक्त लगे लेकिन एक बात शीशे की तरह साफ हो चुकी है। भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच चुकी है। एनडीए के तौर पर देखें तो ये आंकड़ा 340 के पार जाता दिख रहा है। 2014 के चुनाव में अकेले भाजपा को 282 सीटें मिली थीं। लेकिन इस बार भाजपा सिर्फ अपने बूते 290 से ज्यादा सीटों की ओर बढ़ रही है।
रुझानों के मुताबिक देश में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार कोई पार्टी सरकार बनाने की हालत में पहुंची है। इस बीच ये भी एलान हो चुका है कि 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शाम 6 बजे मोदी देश को संबोधित भी करेंगे।
फिर एक बार...बहुमत का हथियार
ये पहली बार है जब कोई गैर-कांग्रेसी सरकार अपने दम पर बहुमत के साथ वापसी कर रही हो। यूं तो तीन बार अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने सरकार बनाई लेकिन वो एनडीए के सहयोगियों के भरोसे थे। इस बार मोदी एक तरह से इंदिरा के बराबर पहुंच गए हैं। 1967 और 1971 में इंदिरा गांधी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी।
छाया राष्ट्रवाद का मुद्दा
चुनाव नतीजों के रुझानों में एंटी इंकंबेंसी नदारद दिखी। अब तक के रुझान इस बात को साबित करते हैं कि पीएम मोदी राष्ट्रवाद के मुद्दे को देश के सामने रखने में और उसके दम पर छिपी हुई लहर बनाने में कामयाब रहे। एयर स्ट्राइक के मुद्दे पर मोदी को भारी जनसर्मथन मिला।
मोदी आंधी में उड़ गए विपक्ष के दिग्गज
ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर दिग्विजय सिंह तक और राजबब्बर से शत्रुघ्न तक सब आहिस्ता-आहिस्ता हार की तरफ बढ़ रहे हैं। ये बड़े चेहरे हैं। बड़े नाम हैं। इनकी हार बिना शक कांग्रेस के खेमे में उदासी का सबब बनने वाली है।
सेंसेक्स की सलामी
एनडीए की प्रचंड जीत को सेंसक्स ने भी 600 अंकों की सुपर सलामी दी। हालांकि बाद में मुनाफा वसूली के चलते जरूर बाजार नीचे आ गया।