RG Kar Case: पद्म पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टरों का PM को पत्र, कहा- चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए बने अलग कानून
डॉक्टरों ने सुझाव दिया कि स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ मौखिक या शारीरिक हिंसा करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। इसके लिए भी अध्यादेश लाया जाए।
विस्तार
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की हत्या के बाद देशभर के डॉक्टरों में उबाल है। इस बीच पद्म पुरस्कार से सम्मानित हो चुके 70 से अधिक डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाने की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं में बेहतर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने का आग्रह किया है।
डॉक्टरों ने सुझाव दिया कि स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ मौखिक या शारीरिक हिंसा करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। इसके लिए भी अध्यादेश लाया जाए। पत्र में पद्म पुरस्कार विजेताओं ने चिंताजनक स्थिति से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से तत्काल और व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की है। डॉक्टरों ने कहा कि ऐसे जघन्य कृत्य चिकित्सा पेशेवरों की सेवा की नींव को हिला देते हैं। विशेष रूप से महिलाओं, लड़कियों और स्वास्थ्य पेशेवरों के खिलाफ हिंसा को रोकने की तत्काल जरूरत है।
डॉक्टरों ने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। हम चिकित्सा पेशेवरों को भी समर्थन देते हैं जो हिंसा का सामना कर रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान और सुरक्षा बेहद जरूरी है। डॉक्टरों ने पत्र में कहा कि डॉक्टरों, चिकित्सा पेशेवरों और चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ हिंसा की रोकथाम विधेयक 2019 से तैयार है लेकिन इसे अभी तक संसद में पेश नहीं किया गया है। इसे जल्द से जल्द संसद में पेश करके लागू किया जाए।
पीएम को पत्र लिखने वालों में आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव, एम्स दिल्ली के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइसेंज के निदेशक डॉ. एसके सरीन, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. हर्ष महाजन, एम्स दिल्ली में एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. निखिल टंडन, सर गंगा राम अस्पताल में नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. डीएस राणा और सर्जन डॉ.संदीप गुलेरिया शामिल हैं।
बंगाल फिल्म अभिनेताओं ने निकाली रैली
आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर की हत्या के विरोध में रविवार को बंगाल फिल्म उद्योग से जुड़े अभिनेताओं, निर्देशकों ने रैली निकाली। रैली में निर्देशक कौशिक गांगुली, शिबो प्रसाद मुखोपाध्याय और अर्जुन दत्ता, अभिनेत्री पाउली दाम और अंकुश हाजरा के साथ बंगाली फिल्म और टीवी उद्योग के करीब 200 सदस्य रैली में शामिल हुए। रैली टॉलीगंज से शुरू होकर श्याम बाजार मेट्रो स्टेशन पर समाप्त हुई। अभिनेत्री पाउली दाम ने कहा मेडिकल छात्रा के साथ उसके ही कार्यस्थल पर क्रूरतापूर्वक मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई। हम चुप नहीं रह सकते।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.