Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Indians are no longer traveling to US-Dubai, but to these countries; a new trend in foreign travel has emerged

पर्यटन: अब अमेरिका-दुबई नहीं, इन देशों में घूमना पसंद कर रहे भारतीय; विदेश यात्राओं का नया ट्रेंड आया सामने

Wed, 18 Nov 2026 07:07 PM IST
पवन पांडेय डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: पवन पांडेय Updated Wed, 18 Nov 2026 07:07 PM IST
सार

महंगे हवाई टिकट, बढ़ता यात्रा खर्च और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण जनवरी से अगस्त 2026 के बीच विदेशी यात्राएं करीब 8 फीसदी घट गईं।

विज्ञापन
Indians are no longer traveling to US-Dubai, but to these countries; a new trend in foreign travel has emerged
विदेश यात्राओं का नया ट्रेंड आया सामने - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों की संख्या में इस साल गिरावट आई है। महंगे हवाई टिकट, बढ़ता यात्रा खर्च और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण जनवरी से अगस्त 2026 के बीच विदेशी यात्राएं करीब 8 फीसदी घट गईं। पर्यटन सलाहकार कंपनी वीडेक  के मुताबिक, इस अवधि में 1.98 करोड़ भारतीयों ने विदेश यात्रा की, जबकि पिछले साल यह संख्या 2.15 करोड़ थी। यानी करीब 17 लाख यात्राओं की कमी आई। सबसे ज्यादा गिरावट अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाने वाले यात्रियों में दर्ज की गई। इसके उलट वियतनाम, फिलीपींस और जापान जैसे देशों में भारतीय पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
विज्ञापन


अमेरिका जाने वाले 26% और यूएई जाने वाले 18% घटे
जनवरी से अगस्त के बीच करीब 12 लाख भारतीयों ने अमेरिका की यात्रा की। यह पिछले साल की समान अवधि से 26 फीसदी कम है। भारतीयों के लिए अमेरिका चौथा सबसे बड़ा विदेशी यात्रा ठिकाना है। महंगे टिकट, बढ़ता खर्च और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ी परेशानियां इसकी प्रमुख वजह हैं। वहीं, यूएई जाने वाले भारतीयों की संख्या 18 फीसदी घटकर करीब 46 लाख रह गई। हालांकि, यह अब भी भारतीयों का सबसे बड़ा विदेशी यात्रा ठिकाना है। कतर, ओमान और कुवैत भी शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं। इन तीनों की कुल हिस्सेदारी करीब 9 फीसदी रही। पश्चिम एशिया में तनाव का असर इस क्षेत्र की उड़ानों और पर्यटन पर पड़ा है। खाड़ी देशों में तनाव और महंगाई के कारण 2026 में विदेशी यात्राएं 10 से 12 फीसदी तक घट सकती हैं। हालांकि, उड़ानों का संचालन सामान्य होने पर मांग में सुधार की उम्मीद है। थाईलैंड भारतीयों का तीसरा सबसे बड़ा विदेशी यात्रा ठिकाना है। कुल यात्राओं में इसकी हिस्सेदारी बढ़कर 7.2 फीसदी हो गई है। जैन के मुताबिक, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान, जापान, वियतनाम और फिलीपींस जैसे देशों की लोकप्रियता भी बढ़ रही है।
विज्ञापन


कोरोना के बाद पहली बार घट सकती हैं विदेशी यात्राएं
कोरोना महामारी के बाद भारतीयों की विदेश यात्राओं में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में 85 लाख यात्राएं हुईं। 2022 में यह संख्या 2.16 करोड़, 2023 में 2.80 करोड़, 2024 में 3.10 करोड़ और 2025 में 3.27 करोड़ पहुंच गई। 2022 में इसमें 152 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। मौजूदा रुझान के आधार पर 2026 में कोरोना महामारी के बाद पहली बार पूरे साल की विदेशी यात्राएं पिछले वर्ष से कम रह सकती हैं। हालांकि, अंतिम चार महीनों के आंकड़े आने बाकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारतीयों से विदेश के बजाय देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने की अपील कर चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


भारतीय एयरलाइंस के अंतरराष्ट्रीय यात्री 18% घटे
विदेश यात्राओं में कमी का असर विमानन कंपनियों पर भी पड़ा है। जनवरी से जून 2026 के बीच भारत से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या 5.2 फीसदी घटकर 3.62 करोड़ रह गई। भारतीय एयरलाइंस के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में 18 फीसदी की गिरावट आई, जबकि विदेशी कंपनियों के यात्रियों की संख्या करीब 6 फीसदी बढ़ी। एअर इंडिया समूह के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 26.5 फीसदी और इंडिगो की 9 फीसदी घटी। विमान ईंधन की बढ़ती कीमतें, रुपये की कमजोरी और उड़ानों के संचालन से जुड़ी चुनौतियां इसकी प्रमुख वजह हैं। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध के कारण भारतीय कंपनियों को यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इससे ईंधन की खपत और परिचालन खर्च बढ़ रहा है। इसका असर हवाई किराये पर भी पड़ सकता है।

पिछले तीन महीनों में गिरावट की रफ्तार घटी
मार्च से मई 2026 के बीच विदेशी यात्राओं में औसतन 19 फीसदी की गिरावट आई थी। जून से अगस्त के दौरान यह घटकर 4.5 फीसदी रह गई। इससे यात्रा मांग में सुधार के संकेत मिले हैं। आगे की स्थिति हवाई किराये, कच्चे तेल की कीमतों, रुपये की चाल और पश्चिम एशिया के हालात पर निर्भर करेगी।


2030 तक पांच करोड़ विदेशी यात्राओं का अनुमान
वीडेक का अनुमान है कि 2030 तक भारत से सालाना विदेशी यात्राओं की संख्या पांच करोड़ पहुंच सकती है। 2025 में यह आंकड़ा करीब 3.3 करोड़ था। वीरेंद्र जैन के मुताबिक, भारतीयों की बढ़ती आय, बेहतर हवाई संपर्क और विदेश घूमने की बढ़ती इच्छा से यह लक्ष्य हासिल हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed