आजादी के बाद ऐसे बनते गए हमारे प्रदेश और बदलता गया आंतरिक नक्शा
जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त करके उसे केंद्र शासित प्रदेश बनाया जा चुका है। लद्दाख को भी जम्मू-कश्मीर से अलग करके केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया है। इसके बाद से हमारे देश का आंतरिक भूगोल, सामान्य ज्ञान के सवाल और परीक्षाओं में पूछे जाने वाले सवाल अब बदल जाएंगे। अब देश में नौ केंद्र शासित प्रदेश बन गए हैं, जो कि 30 अक्तूबर तक सात थे। वहीं राज्यों की संख्या अब 28 हो गई है। पहले यह संख्या 29 थी।
स्वतंत्रता से पहले हमारा देश 565 राजसी रियासतों में बंटा हुआ था। तब भारत में तीन प्रकार के राज्य थे।
- ब्रिटिश इंडिया के राज्य
- रियासतें
- फ्रांस का उपनिवेश
- पुर्तगाल का उपनिवेश
आजादी के बाद 562 रियासतें भारत के अंतर्गत आईं, जिन्हें भारतीय संघ के राज्य के रूप में पुनर्गठित किया गया। हालांकि उस समय हैदराबाद, जूनागढ़, भोपाल और कश्मीर भारत का हिस्सा बनने के लिए राजी नहीं हुए थे। 1956 तक यह रियासतें भी भारतीय संघ का हिस्सा बन गईं और देश में 14 राज्य, 6 केंद्रशासित प्रदेश बनाए गए।
आजादी के समय भारत के नक्शे पर उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश जैसे राज्यों का नाम नहीं था। इनकी जगह सेंट्रल प्रॉविंस, यूनाइटेड प्रॉविंस, बॉम्बे प्रॉविन्स, सेंट्रल इंडिया, मद्रास प्रेडिजेंसी स्टेट हुआ करते थे। आजादी के बाद के वर्षों 17 राज्य बढ़कर 29 हो गए।
आइए आपको विस्तार से बताते हैं, कब कौन सा राज्य गठित हुआ थाः
- जम्मू एवं कश्मीर (1948): जम्मू-कश्मीर के राजा हरिसिंह ने भारत में विलय के कागजातों पर हस्ताक्षर किए। 1956 में इसे भारतीय संघ का हिस्सा घोषित कर दिया गया। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त करके इसे केंद्र शासित प्रदेश में परिवर्तित कर दिया गया।
- उत्तर प्रदेश (1950): राजनीतिक रूप से देश का सबसे महत्वपूर्ण राज्य है यह प्रदेश। उत्तर प्रदेश बनने से पहले इसे यूनाइटेड प्रॉविंस के नाम से जाना जाता था, जिसमें अवध और आगरा भी शामिल थे।
- बिहार (1950): 22 मार्च 1912 को इस राज्य को अंग्रेजों ने बनाया था। 26 जनवरी 1950 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया। साल 2000 में बिहार से विभाजित करके झारखंड नाम का एक नया राज्य बनाया गया।
- असम (1950): अंग्रेजों ने 1826 में असम को अपने अधिकार में लिया था। 1874 में यह बंगाल से विभाजित किया गया था। 1912 में इसे पुनर्गठित किया गया था। मेघालय, नगालैंड और मिजोरम भी इसमें शामिल थे।
- ओडिशा (1950): एक अप्रैल 1936 को अंग्रेजों ने उड़ीसा को एक अलग राज्य घोषित किया था। 1950 में यह भारतीय राज्य बना और 2011 में इसका नाम बदलकर ओडिशा किया गया था।
- तमिलनाडु (1950): ब्रिटिश शासनकाल इसे मद्रास प्रेजिडेंसी कहा जाता था। 1950 में यह भारतीय प्रांत बना और 1969 में इसका नाम तमिलनाडु किया गया था।
- आंध्र प्रदेश (1953): 1 नवंबर 1956 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया था। इससे पहले यह मद्रास का हिस्सा था। 2 जून 2014 को आंध्र प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को अलग राज्य तेलंगाना नाम दिया गया।
- मध्य प्रदेश (1956): ग्वालियर, इंदौर और भोपाल रियासत को मिलाकर मध्यप्रदेश को बनाया गया था। सन 2000 में इसे विभाजित छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाया गया।
- केरल (1956): त्रावणकोर, कोचीन और मलाबार को मिलाकर 1956 में केरल राज्य का गठन किया गया है।
- कर्नाटक (1956): एक नवंबर 1956 को मैसूर राज्य का गठन किया गया था। 1973 में राज्य का नाम कर्नाटक कर दिया गया।
- महाराष्ट्र-गुजरात (1960): महाराष्ट्र और गुजरात, बॉम्बे प्रेजिडेंसी का हिस्सा थे। एक मई 1960 को महाराष्ट्र और गुजरात को विभक्त करके दो अलग-अलग राज्य बना दिए गए।
- नगालैंड (1963): असम से नगा क्षेत्र को अलग करके एक दिसंबर 1963 को नगालैंड राज्य का गठन किया गया था।
- पंजाब (1966): पटियाला रियासत में आठ छोटी-छोटी रियासतों को विलय करके पंजाब का गठन किया गया था। 1966 में पंजाब से हरियाणा को अलग किया गया और चंडीगढ़ को दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी बनाया गया।
- हिमाचल प्रदेश (1971): 1950 में 30 रियासतों को मिलाकर हिमाचल प्रदेश बनाया गया था। 1956 में इसे केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था और 25 जनवरी 1971 को इसे पूर्ण राज्य बनाया गया।
- मणिपुर (1972): 1947 में मणिपुर को भी स्वतंत्रता प्राप्त हुई थी। 1956 में यह केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया और 21 जनवरी 1972 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा मिला।
- मेघालय (1972): मेघालय को असम के अंतर्गत 1970 में स्वायत्त राज्य बनाया गया था। 21 जनवरी 1972 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया।
- त्रिपुरा (1972): यह राज्य तीन ओर से बांग्लादेश से घिरा हुआ है। 1972 तक यह केंद्रशासित राज्य था। इसके बाद इसे पूर्ण राज्य बनाया गया।
- सिक्किम (1975): यह देश का दूसरा सबसे छोटा राज्य है। 16 मई 1975 को यह भारतीय संघ का हिस्सा बना था।
- गोवा (1987): भारत को स्वतंत्रता मिलने के बाद भी यह क्षेत्र पुर्तगाली आधिपत्य में था। 1961 में भारतीय सेना ने इसे मुक्त कराया और इसे केंद्रशासित क्षेत्र बनाया गया। इसी के साथ दमन और दीव भी स्वतंत्र करा लिया गया। 30 मई 1987 को इसे पूर्ण राज्य घोषित किया गया।
- अरुणाचल प्रदेश (1987): 1972 में अरुणाचल प्रदेश को केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया था। 1987 में इसे पूर्ण राज्य बनाया गया और ईटानगर को इसकी राजधानी घोषित किया गया।
- मिजोरम (1987): 20 फरवरी 1987 को मिजोरम को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया। इससे पहले यह असम का एक जिला था। 1972 में इसे केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया था।
- छत्तीसगढ़ (2000): एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश का पुनर्गठन किया गया और छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाया गया।
- झारखंड (2000): आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र को 15 नवंबर 2000 को बिहार से पृथक करके अलग राज्य बनाया गया था।
- उत्तराखंड (2000): उत्तरी उत्तर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों को मिलाकर यह राज्य बनाया गया था।
- तेलंगाना (2014): यह देश का 29वां राज्य था। आंध्रप्रदेश के कुछ जिलों को मिलाकर एक अलग राज्य तेलंगाना का गठन किया गया था। 2 जून 2014 को यह पूर्ण राज्य घोषित हुआ था।