Maharashtra: मराठवाड़ा में भारी बारिश, गोदावरी नदी के किनारे बाढ़ जैसी स्थिति; शरद पवार की अपील- मदद करे सरकार
Maharashtra: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण गोदावरी नदी में जलस्तर बढ़ गया, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। धाराशिव समेत कुल 129 राजस्व इलाकों में पिछले 24 घंटों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। राकांपा (शरद पवार गुट) के प्रमुख ने सरकार से किसानों को तत्काल मदद देने का आग्रह किया है।
विस्तार
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड़ जिलों में मंगलवार को भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़ने के कारण गोदावरी नदी के किनारे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। धाराशिव जिला पहले से ही बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहा है और मराठवाड़ा के 129 राजस्व इलाकों में पिछले चौबीस घंटों में बहुत ज्यादा बारिश हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा कि राज्य सरकार को उन किसानों की जल्द से जल्द मदद करनी चाहिए, जिन्हें भारी बारिश की वजह से नुकसान हुआ है। सोमवार की रात से मराठवाड़ा क्षेत्र के छत्रपति संभाजीनगर के जयकवाडी बांध और बीड़ के माजलगांव बांध के जलस्रत वाले इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
ये भी पढ़ें: 'चुनाव आयोग पर राहुल की टिप्पणियों पर BJP की प्रतिक्रिया से बढ़ा अविश्वास', शरद पवार भाजपा पर हमलावर
एक राजस्व अधिकारी ने कहा, कुछ इलाकों में ऐसा लगा जैसे बादल फट गए हों। उन्होंने बताया कि दोनों बांध लगभग पूरी तरह भरे हुए थे और लगातार बारिश की वजह से वहां से पानी छोड़ा जा रहा था। राजस्व अधिकारी ने कहा कि माजलगांव बांध के जलस्रोत वाले इलाकों जावलाला और रामोडा में सोमवार की रात क्रमश: 160 मिलीमीटर और 120 मिलीमीटर बारिश हुई है।
अधिकारी ने बताया कि जयकवाडी बांध के जलस्रोत वाले इलाके गंगापुर में 46 मिमी, पैठान में 92 मिमी और भेंडला में 52 मिमी बारिश हुई है। इस कारण जयकवाडी और माजलगांव बांधों से गोदावरी नदी में मंगलवार सुबह तक क्रमश: 1.03 लाख क्यूसेक और 1.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। उन्होंने यह भी बताया कि जालना जिले के घनसावंगी और अम्बड तालुका व बीड़ जिले के गेवराई तालुका में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
ये भी पढ़ें: शिवकुमार बोले- सड़कों में गड्ढों के लिए कर्नाटक को निशाना बनाना ठीक नहीं, दिल्ली में भी ऐसी समस्या
उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ गया और छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड़ जिलों के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। राजस्व अधिकारी ने बताया कि रविवार को अधिक बारिश की वजह से धाराशिव के कुछ इलाके भी जलमग्न हो गए थे। सोमवार को भी परांदा, भूमें और वाशी तालुकों में तेज बारिश जारी रही।
चार दिन में आठ लोगों की मौत, सरकार ने की स्थिति की समीक्षा
अधिकारियों ने बताया कि मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण पिछले चार दिनों में आठ लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों घरों व फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। उधर, राज्य कैबिनेट ने स्थिति की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार किसानों और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटी है। धाराशिव जिले में 750 से अधिक घर और 33 हजार हेक्टेयर से अधिक में फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहां फंसे लोगों को बचाने के लिए हेलिकॉप्टर और नावों का उपयोग करना पड़ा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.