फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Gandhi Family Cases in Court and Police Rahul Defamation National Herald Case Sonia Gandhi Priyanka Vadra news

ED Action: ईडी के फेर में फंसे राहुल-सोनिया और रॉबर्ट वाड्रा, और कितने मामलों में घिरा है गांधी परिवार?

Thu, 17 Apr 2025 12:01 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Thu, 17 Apr 2025 12:01 PM IST
विज्ञापन
सार
गांधी परिवार के सदस्यों पर कितने मामले दर्ज हैं? उन्हें किन-किन मामलों में आरोपी बनाया गया है? इसके अलावा राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी पर अलग-अलग कितने केस हुए हैं? इन मामलों की मौजूदा स्थिति क्या है? आइये जानते हैं...
loader
Gandhi Family Cases in Court and Police Rahul Defamation National Herald Case Sonia Gandhi Priyanka Vadra news
सोनिया गांधी-राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा-रॉबर्ट वाड्रा। - फोटो : PTI/ANI

विस्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। आरोपपत्र में इन पर एसोसिएट्स जर्नल लिमिटेड (एजेएल) के अंतर्गत आने वाली 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति को हड़पने का आरोप है। सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से भी ईडी जमीन के लेनदेन से जुड़े मामले में पूछताछ कर रही है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब गांधी परिवार के सदस्यों पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ी हो। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी पर कुल मिलाकर 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिन पर कार्रवाई अलग-अलग चरण में जारी है।


आखिर गांधी परिवार के सदस्यों पर कितने मामले दर्ज हैं? उन्हें किन-किन मामलों में आरोपी बनाया गया है? इसके अलावा राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी पर अलग-अलग कितने केस हुए हैं? इन मामलों की मौजूदा स्थिति क्या है? आइये जानते हैं...



राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 2024 को लोकसभा चुनाव में दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उन पर कुल 18 मामले दर्ज हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भी दो अन्य मामलों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई हैं। यानी उनके ऊपर चल रहे मामलों की संख्या 20 के ऊपर पहुंच गई है।
 

किस-किस मामले में घिरे हैं राहुल गांधी?

राहुल पर जिन मामलों में केस दर्ज हुए हैं, उनमें पॉक्सो एक्स से लेकर मानहानि तक की धाराओं में मामले हैं। आइये विस्तार से जानें उन पर दर्ज मामलों के बारे में...



1. मानहानि के केस: 15
राहुल गांधी पर मानहानि के मामलों में कर्नाटक से लेकर उत्तर प्रदेश तक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में वे दोषी भी करार दिए जा चुके हैं। वहीं, बाकी 14 मामले कोर्ट में अलग-अलग दौर में हैं। इनमें कुछ प्रमुख केस हैं...

2014: महात्मा गांधी की हत्या के तार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जोड़ने का मामला
आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने 2014 में राहुल के एक भाषण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। राहुल गांधी ने भाषण में महात्मा गांधी की हत्या का आरोप आरएसएस पर लगाया था, जिसके बाद कुंटे ने भिवंडी मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत की थी।

2015: संघ कार्यकर्ताओं पर मंदिर में न घुसने देने का आरोप
राहुल ने 2015 में दिल्ली में आरएसएस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि जब वे असम में एक मंदिर के दौरे पर जा रहे थे तो संघ कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंदिर में घुसने से रोक दिया। इस मामले में संघ कार्यकर्ता अंजन बोरा ने राहुल पर गुवाहाटी में मानहानि की शिकायत की थी। 

2017: गौरी लंकेश हत्या मामले को संघ से जोड़ने का आरोप
पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को भाजपा-आरएसएस की विचारधारा से जोड़ने वाली टिप्पणी के लिए राहुल के खिलाफ 2017 में मुंबई में मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पहले सोनिया गांधी और सीताराम येचुरी भी आरोपी थे। हालांकि, सोनिया को बाद में राहत दे दी गई। वहीं, सीताराम येचुरी का निधन हो गया है। 

2018: अमित शाह के खिलाफ विवादास्पद पोस्त का आरोप
राहुल गांधी पर वर्ष 2018 में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने का आरोप है। राहुल ने कहा था कि शाह ने अहमदाबाद के जिला कोऑपरेटिव बैंक के साथ मिलकर नोटबंदी के दौरान 745 करोड़ के बंद हो चुके नोटों को गलत तरह से बदल लिया था। मामले में बैंक और उसके चेयरमैन ने राहुल पर अहमदाबाद की अदालत में केस किया था।

2018: प्रधानमंत्री को बताया कमांडर-इन-थीफ
2018 में राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर राहुल गांधी ने घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री पर हमला बोला था। उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए 'कमांडर-इन-थीफ' टिप्पणी की थी। इस मामले में राहुल के खिलाफ भाजपा से महाराष्ट्र प्रदेश समिति के सदस्य महेश श्रीश्रीमाल ने मुंबई में राहुल के खिलाफ मानहानि का केस किया था।

2018: अमित शाह को हत्या का अभियुक्त कहने का आरोप
राहुल पर आरोप है कि कर्नाटक चुनाव के दौरान बंगलूरू में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा था कि भाजपा जो कि ईमानदारी व स्वच्छता की राजनीति करती है, उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष एक हत्या अभियुक्त है। इसके बाद राहुल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में केस दर्ज हुआ था। 

2019: लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान शाह पर टिप्पणी के दो केस
2019 के लोकसभा चुनावों से पहले झारखंड के चाईबासा में एक सार्वजनिक भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कथित तौर पर अमित शाह के लिए 'हत्यारा' शब्द का प्रयोग किया था। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नवीन झा ने राहुल के खिलाफ चाईबासा में मानहानि का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में उनके खिलाफ एक एफआईआर रांची में भी दर्ज हुई थी।

2019: शाह के खिलाफ टिप्पणी का एक केस अहमदाबाद में भी
इतना ही नहीं राहुल गांधी पर लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ही जबलपुर में एक रैली के दौरान भी शाह को 'हत्या केस का आरोपी' बुलाने का आरोप लगा था। इस मामले में अहमदाबाद के कालूपुर वार्ड के कार्पोरेटर कृष्णवदन ब्रह्मभट्ट ने मेट्रो कोर्ट नम्बर 16 में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

2019: मोदी उपनाम पर अभद्र टिप्पणी का आरोप (तीन केस)
2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार की एक रैली में राहुल गांधी ने कहा था, 'कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी हैं?' इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा दो और जगहों पर शिकायत हुई। इनमें सूरत की अदालत ने राहुल गांधी को दोषी मानते हुए दो साल की सजा भी सुनाई। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से राहुल को राहत दे दी गई।

2022: सावरकर पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप (2 केस)
राहुल पर 17 नवंबर 2022 को भारत जोड़ो पदयात्रा के दौरान महाराष्ट्र के अकोला में वीर सावरकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। मामले में एक शिकायत ठाणे में और दूसरी शिकायत उत्तर प्रदेश में भी दर्ज हुई थी। 

2023: सावरकर पर विवादास्पद टिप्पणी का आरोप 
मार्च 2023 में लंदन में एक भाषण के दौरान राहुल ने कहा था कि सावरकर ने अपनी किताब में लिखा था कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई की थी और उन्हें इस पर खुशी हुई। इसे लेकर सावरकर के भतीजे सत्यकी सावरकर ने राहुल के खिलाफ पुणे की कोर्ट में शिकायत दायर की थी। 

2. पॉक्सो केस
राहुल गांधी पर 2021 में एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप भी है। इसे लेकर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने 2021 में ही केस दर्ज कराया था और पीड़िता की पहचान उजागर करने को लेकर राहुल पर कार्रवाई की मांग की थी।। इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई थी। 

3. कॉपीराइट केस
2024 में लहरी म्यूजिक की सहयोगी कंपनी एमआरटी म्यूजिक के एम नवीन कुमार ने बंगलूरू के यशवंतपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि फिल्म का संगीत कांग्रेस पार्टी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा के एक प्रचार वीडियो में प्रयोग किया गया था, जिसका कॉपीराइट उनके पास है। मामले में राहुल गांधी के साथ जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ एफआईआर हुई थी। कर्नाटक हाईकोर्ट ने भी इन नेताओं को राहत देने से इनकार कर दिया था।

3. संसद धक्कामुक्की केस
दिसंबर 2024 में राहुल गांधी एक अन्य मामले में भी घिरे थे। यह केस था संसद के बाहर प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की करने का। भाजपा का आरोप था कि राहुल ने उनके नेता प्रताप सारंगी से धक्कामुक्की की, जिस वजह से उसके बुजुर्ग सांसद चोटिल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। 

4. मनी लॉन्ड्रिंग केस
राहुल गांधी पर एक मामला 2012 में दर्ज हुआ था। यह मामला नेशनल हेराल्ड की संपत्ति से जुड़ा है। इसमें सोनिया गांधी, दिवंगत मोतीलाल वोरा व अन्य को भी आरोपी बनाया गया। हाल ही में इस मामले में चार्जशीट दाखिल हुई है और राहुल को धन शोधन मामले का आरोपी बनाया गया है। 

National Herald Case: क्या है नेशनल हेराल्ड मामला? जिसमें सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ दायर हुई चार्जशीट

5. भारत जोड़ो यात्रा में विवाद
राहुल गांधी के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पहले कर्नाटक के बंगलूरू और फिर असम के गुवाहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान और हिंसा भड़काने के आरोप में केस दर्ज हुए थे। 

6. अमेरिका से सिख समुदाय को लेकर विवादास्पद बयान
राहुल गांधी पर अमेरिका में बैठकर सिख समुदाय को लेकर कुछ विवादास्पद टिप्पणियां करने का भी आरोप लगा था। इस मामले में छत्तीसगढ़ और दिल्ली में एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें राहुल पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा था। 

प्रियंका गांधी पर चल रहे तीन मामले
प्रियंका गांधी वाड्रा ने 2024 में केरल के वायनाड सीट से उपचुनाव लड़ा था। इस दौरान दिए गए हलफनामे में उन्होंने अपने ऊपर चल रहे तीन मामलों के बारे में बताया था।  



1. धोखाधड़ी, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए जालसाजी
प्रियंका गांधी वाड्रा पर अगस्त 2023 में मध्य प्रदेश के इंदौर में एक केस दर्ज हुआ था। दरअसल, प्रियंका ने राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा पर ठेकेदारों से ठेकों के लिए '50 प्रतिशत कमीशन' लेने का आरोप लगाया था। इस पर भाजपा नेताओं ने पुलिस को शिकायत दी थी और धारा 420, 469 के तहत धोखाधड़ी और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज कराया। 

2. कोरोना महामारी में नियम तोड़ने के लिए दर्ज हुए केस
हाथरस में एक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए हाथरस जाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा पर अक्तूबर 2020 में कोरोनावायरस महामारी एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगा था। उन पर धारा 144 को भी तोड़ने का आरोप लगा था। इसमें उनके साथ-साथ 203 और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर हुई थी। इनमें 153 नामजद और 50 अन्य लोगों पर केस हुआ था। उन पर आम लोगों का जीवन संकट में डालने के मामले में आईपीसी की धारा 188, धारा 269 और धारा 270 के तहत केस दर्ज हुआ था। 

3. सांप से खेलने के मामले में वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत केस
प्रियंका गांधी वाड्रा पर एक और केस वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत दर्ज हुआ है। 2019 में जब वह लोकसभा चुनाव से पहले रायबरेली में चुनाव प्रचार कर रही थीं, उस दौरान वे सपेरों के गांव पहुंची थीं और सांपों को अपने हाथ में उठा लिया था। मामले में उन पर वाइल्डलाइफ (प्रोटेक्शन) एक्ट, 1972 की धारा 9 और धारा 51 के तहत केस दर्ज हुआ। 

नेशनल हेराल्ड मामले में आरोपी हैं सोनिया गांधी 
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले साल ही राज्यसभा के लिए चुनकर पहुंची थीं। तब उन्होंने जो हलफनामा दिया था, उसके मुताबिक उन पर सिर्फ एक मामला चल रहा है। यह मामला नेशनल हेराल्ड केस से ही जुड़ा है, जिसमें वे अपने बेटे राहुल गांधी के साथ आरोपी बनाई गई थीं। यह मामला उनके खिलाफ 2012 में दर्ज हुआ था। 15 अप्रैल 2025 (मंगलवार) को इस मामले में चार्जशीट दायर हुई।

Robert Vadra: 'मैं इन सबके लिए बहुत मजबूत', लगातार दूसरे दिन ईडी की पूछताछ से पहले बोले रॉबर्ट वाड्रा

रॉबर्ट वाड्रा से भी हो चुकी है भूमि लेनदेन विवाद पर पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के शिकोहपुर में 2008 में हुई एक भूमि डील से जुड़े मामले में रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ की है। वाड्रा पर आरोप हैं कि उनसे जुड़ी कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड ने ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज से 7.5 करोड़ रुपये में 3.5 एकड़ जमीन खरीदी थी। इस सौदे का म्यूटेशन भी असामान्य तरीके से कर दिया गया। आरोप है कि हरियाणा के तत्कालीन भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार ने इस जमीन में से 2.70 एकड़ जमीन को कमर्शियल कॉलोनी के तौर पर डेवलप करने की इजाजत देते हुए रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी को इसका लाइसेंस दिया था।

आवासीय परियोजना का लाइसेंस मिलने के बाद जमीन की कीमत बढ़ गई। बाद में वाड्रा से जुड़ी कंपनी ने कंपनी ने ये जमीन डीएलएफ को 58 करोड़ में बेच दी। आगे चलकर हुड्डा सरकार ने आवासीय परियोजना का लाइसेंस डीएलएफ को ट्रांसफर कर दिया। आरोप है कि इस पूरी डील में कई अनियिमताएं की गई। हरियाणा पुलिस ने 2018 में इस सौदे से जुड़े मामले में केस दर्ज किया। आगे चलकर ईडी ने भी इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed