Election results: तीनों राज्यों में फेल हुए केजरीवाल, AAP उम्मीदवारों को मिले NOTA से भी कम वोट, जमानत जब्त
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
अरविंद केजरीवाल घरेलू मोर्चे पर कड़ी लड़ाई का सामना कर रहे हैं। उनके नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया जेल में हैं, तो स्वयं उनके भी जेल जाने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन इसी बीच अरविंद केजरीवाल को तीनों राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। आम आदमी पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने का काम किया था, लेकिन उसके ज्यादातर उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। कई विधानसभा में आम आदमी पार्टी उम्मीदवारों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि अब राजधानी दिल्ली की जनता भी अरविंद केजरीवाल से छुट्टी चाहती है और केजरीवाल की विदाई तय है।
इसके पहले आम आदमी पार्टी ने गुजरात और गोवा के विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने का काम किया था, जहां उसे कई सीटों पर जीत मिली, तो कुछ सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे नंबर पर भी आए। इसकी बदौलत ही आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर की पार्टी होने का गौरव हासिल किया। लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी उतनी सफल नहीं रही और तीनों ही महत्त्वपूर्ण राज्यों में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के लोगों ने 'MODI गारंटी' पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। यही कारण है कि इन राज्यों में भाजपा को शानदार जीत मिली है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना ने भी भाजपा के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। इसका वे स्वागत करते हैं। आने वाले चुनावों में भाजपा तेलंगाना में भी अपनी सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि तीनों राज्यों की जनता ने अरविंद केजरीवाल की गंदी राजनीति को खारिज कर दिया है क्योंकि उनके लगभग सभी उम्मीदवारों ने अपनी जमानत खो दी है। इससे यह भी साबित होता है कि पूरे देश में कोई भी अब अरविंद केजरीवाल की राजनीति को पसंद नहीं कर रहा है और इससे उनकी विदाई का समय आ गया है।
सचदेवा ने कहा कि देश के हृदय प्रदेशों की जनता ने कांग्रेस पार्टी के नकारात्मक अभियान को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया है। कांग्रेस ही नहीं, पूरे विपक्ष ने व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभियान चलाया था, लेकिन छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के लोगों ने मोदी गारंटी पर भरोसा जताया है।
केजरीवाल फेल हुए- प्रवीण शंकर कपूर
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का #मैंभीकेजरीवाल अभियान दिल्ली में विफल हो गया है क्योंकि पार्टी विधायकों ने अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों में बैठकर कुछ तस्वीरें लीं और उसके बाद इसे एक्स पर पोस्ट कर दिया। एक आप विधायक गुलाब मटियाला ने कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने पार्टी का पैम्फलेट पढ़ते हुए ही वीडियो बना कर पार्टी के एक्स अकाउंट पर डाल कर अपने कार्य की इतिश्री कर दी।
उन्होंने कहा कि शराब और बंगला घोटालों ने पार्टी कैडर और दिल्लीवासियों को अरविंद केजरीवाल से दूर कर दिया है। आप कैडर ने दिल्लीवासियों का विश्वास खो दिया है और आज मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की भारी हार ने बचा-खुचा आत्मविश्वास भी तोड़ दिया है।