Supreme Court: ईडी के हलफनामे पर केजरीवाल का जवाब, एजेंसी पर लगाए मनमानी के आरोप; कहा- रिश्वत के कोई सबूत नहीं
Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट में ईडी के हलफनामे का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें मनमाने तरीके से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बात के कोई ठोस सबूत नहीं हैं कि आम आदमी पार्टी ने दक्षिण के किसी समूह से रिश्वत ली है।
विस्तार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय के हलफनामे का जवाब दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा और आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले उन्हें जिस तरीके से गिरफ्तार किया गया, वह तरीका ईडी की मनमानी के बारे में बहुत कुछ बताता है।
सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल ने क्या कहा?
शीर्ष अदालत में जवाब देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात का कोई सबूत मौजूद नहीं है कि आम आदमी पार्टी ने दक्षिण के किसी समूह से फंड या रिश्वत ली हो। उन्होंने आगे कहा कि गोवा के चुनाव अभियान में इस धन का उपयोग करना दूर की बात है।
अरविंद केजरीवाल ने अपने हलफनामे में लिखा है कि आम आदमी पार्टी के पास एक भी रुपया नहीं आया और उन पर बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली के सीएम ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप आधारहीन हैं।
Arvind Kejriwal says there exists no proof or material demonstrating that the AAP received funds or advanced kickbacks from the South group, let alone utilising them in the Goa election campaign.
“Not a single rupee was traced back to the AAP, and the allegations put forth in… https://t.co/TobECLhxtg — ANI (@ANI) April 27, 2024
ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को किया था गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें एक अप्रैल से न्यायिक हिरासत में लिया गया। बीते दिनों कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी थी। केजरीवाल की ही पार्टी के मनीष सिसोदिया भी दिल्ली शराब घोटाला केस में करीब डेढ़ साल से तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसके अलावा तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के. कविता भी इस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।