भारी बारिश के साथ ओडिशा तट तक पहुंचा चक्रवाती तूफान 'दाय', मलकानगिरी जिला बुरी तरह प्रभावित
चक्रवाती तूफान 'दाय' शुक्रवार को तड़के गोपालपुर के निकट ओडिशा के तटों तक पहुंच गया, जिस कारण वहां जबरदस्त बारिश हो रही है। तूफान से मलकानगिरी जिला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले का संपर्क प्रदेश के बाकी हिस्सों से कट गया है।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) बीपी सेठी ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पोतेरू सहित जलजमाव वाले क्षेत्रों में कुछ लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कुछ स्थानों से करीब 150 लोगों को अब तक बचाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण के लिए तुरंत कदम उठाए गए हैं। आपदा से होने वाले नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मलकानगिरी के कलेक्टर मनीष अग्रवाल ने बताया कि जिले में गुरूवार से कुल 1163.8 मिमी बारिश हुई है। निचले इलाके पानी में डूब गये हैं और मुख्य सड़कों के ऊपर से जल का बहाव जारी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मलकानगिरी जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों तक पहुंचने तथा सभी तरह की सहायता मुहैया कराए जाने का निर्देश दिया है। अधिकारी के मुताबिक पटनायक ने सात दिन के लिए जिले में हर व्यक्ति को 60 रूपये प्रतिदिन और 12 साल से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे को 45 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से सहायता राशि स्वीकृत की है।
भुवनेश्वर के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एचआर विश्वास ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'दाय' शुक्रवार सुबह दक्षिण ओडिशा तथा गोपालपुर के पास पड़ोसी राज्य आंध्रप्रदेश के तट को पार गया। उन्होंने बताया कि चक्रवात 26 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता रहेगा और कमजोर पड़ जाएगा।
#WATCH: Parts of Malkangiri town in Odisha have been flooded following heavy rainfall caused due to cyclonic storm #Daye. pic.twitter.com/4uroc3kEtW
— ANI (@ANI) September 21, 2018