भारत में कोरोना का कहर : 24 मार्च 2020 को किए गए लॉकडाउन की कहानी, तारीखों की जुबानी
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
चीन के वुहान शहर में फैलने के बाद पूरी दुनिया को महामारी की आग में झोंकने वाले कोरोना वायरस से भारत भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस दौरान देश ने ऐतिहासिक लॉकडाउन देखा। 24 मार्च 2020 में पीएम मोदी ने इसका एलान किया था। अब दोबारा केस बढ़ने के कारण देश के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन का सिलसिला शुरू हो गया है। आइये जानते हैं पिछले साल के लॉकडाउन की कहानी तारीखों की जुबानी।
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
चीन के वुहान शहर में फैलने के बाद पूरी दुनिया को महामारी की आग में झोंकने वाले कोरोना वायरस से भारत भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस दौरान देश ने ऐतिहासिक लॉकडाउन देखा। 24 मार्च 2020 में पीएम मोदी ने इसका एलान किया था। अब दोबारा केस बढ़ने के कारण देश के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन का सिलसिला शुरू हो गया है। आइये जानते हैं पिछले साल के लॉकडाउन की कहानी तारीखों की जुबानी।
वुहान में कोरोना वायरस का पहला केस मिलने के करीब छह माह बाद भारत में इस महामारी ने दस्तक दी थी। देखते-देखते यह देश के अमूमन सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गई और छह लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो गए। महामारी से बचाव के लिए दुनिया के कई देशों ने लॉकडाउन को उपयुक्त तरीका माना, ताकि लोग घरों में रहें और संक्रमण के शिकार न हों।
भारत ने भी लॉकडाउन को उचित माना, क्योंकि वह दुनिया के चार सर्वाधिक संक्रमित शहरों में शामिल हो गया था। हालांकि महामारी ने लाखों देशवासियों का अपने प्रियजनों से विछोह कराया तो लॉकडाउन ने उनकी आर्थिक रीढ़ तोड़ दी। देश की अर्थव्यवस्था पर भी अब तक का सबसे बड़ा संकट मंडराया। संकट के दौर में देश के करोड़ों लोगों की मदद के लिए देशवासियों ने अपने-अपने स्तर पर हाथ भी बढ़ाया।
साल भर में बदले हैं हालात, पर अब भी नाकाफी
साल भर में हालात काफी बदले हैं। अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है। धंधे-रोजगार रफ्तार पकड़ रहे हैं, कोरोना का टीकाकरण शुरू हो चुका है, लेकिन नहीं थम रहा है तो संक्रमण। साल भर बाद मार्च 2021 में देश में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। कुछ क्षेत्रों में लॉकडाउन व नाइट कर्फ्यू लगाया जाने लगा है। गनीमत है कि अभी देशव्यापी लॉकडाउन के आसार नहीं हैं।
थोड़ी सी समझदारी व सुरक्षा से महामारी से खुद व देश को बचाया जा सकता है। 20 मार्च 2021 तक देश में कोरोना से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,15,55,284 हो गई है तो 1,59,558 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है। हालांकि 1,11,07,332 लोग इस महामारी से उबर चुके हैं, लेकिन अब भी 2,88,394 सक्रिय केस हैं।
भारत में कोरोना की टाइम लाइन
- 24 मार्च 2020 : पीएम नरेंद्र मोदी टीवी पर संबोधन में देश में 21 दिन के लॉकडाउन का एलान किया। उन्होंने कहा कि यह कर्फ्यू नहीं होगा, लेकिन उससे कम भी नहीं होगा, क्योंकि देश में असाधारण परिस्थिति पैदा हो गई है।
- 25 मार्च 2020 : देश के महानगरों व अन्य शहरों से बड़े पैमाने पर श्रमिकों व अन्य कामकाज करने वाले लोगों का विस्थापन शुरू हो गया। लोग जो भी साधन उन्हें मिला, उससे अपने गृहनगरों, कस्बों व गांव लौटने लगे। सड़कों पर हजारों लोग प्रचंड गर्मी में पैदल चलकर लौटे। कई ने इस दौरान गर्मी व बीमारी से रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
- 26 मार्च 2020 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने करीब पौनै दो खरब रुपये का गरीबों व प्रवासियों की मदद का पैकेज घोषित किया। इसमें खातों में नकद राशि, मुफ्त खाद्यान्न जैसे कदम शामिल थे।
- 27 मार्च 2020 : रिजर्व बैंक ने लोन भुगतान से राहत देते हुए इसकी अदायगी को दंड व ब्याज के स्थगित कर दिया। देश के सभी बैंकों व वित्त संस्थानों को तीन माह इस पर रोक लगाने के बारे में निर्देश दिए गए।
- 31 मार्च 2020 : दिल्ली का निजामुद्दीन इलाका कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बनकर उभरा। यहां एक धार्मिक आयोजन में तबलीगी मरकज से जुड़े लोग बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले। इस तारीख तक देश में 1397 लोग महामारी से पीड़ित हो चुके थे और 35 की मौत हो चुकी थी।
केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाया
- 1 अप्रैल 2020 : निजामुद्दीन मरकज महामारी संक्रमण का बड़ा केंद्र बना रहा। दिल्ली में 129 और तमिलनाडु में 74 नए मामले इससे जुड़े निकले।
- 5 अप्रैल 2020 : पीएम मोदी की अपील पर लाखों देशवासियों ने हेल्थ वर्करों, गरीबों व अन्य संकटग्रस्त लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए अपने घरों पर दीये, मोमबत्ती जलाए।
- 8 अप्रैल 2020 : देश में कोरोना केस बढ़कर 5351 तक पहुंचे और 160 मौतें हो चुकी थीं। लॉकडाउन और बढ़ने के संकेत मिले।
- 9 अप्रैल 2020 : रिजर्व बैंक ने देश की अर्थव्यवस्था पर अपनी रिपोर्ट में बड़े खतरे का संकेत दिया। लॉकडाउन से आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ने का गंभीर असर होने का अंदेशा जताया।
- 10 अप्रैल 2020 : पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक कर कोरोना महामारी से उपजे हालात की समीक्षा की। अब तक कुल कोरोना केस 7600 हो चुके थे और 249 की मौत हो चुकी थी। पीएम ने लॉकडाउन बढ़ाने पर भी चर्चा की।
- 14 अप्रैल 2020 : देशभर में केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाया। दादर नगर हवेली व सिक्किम को छोड़कर देश के सभी राज्यों में महामारी की दस्तक।
- 16 अप्रैल 2020 : सरकार ने ई-कॉमर्स कारोबार, कृषि उद्योगों को पुन: चालू करने की इजाजत दी। ताकि बेरोजगार हुए श्रमिकों को काम मिल सके।
- 20 अप्रैल 2020 : मुंबई, पुणे, इंदौर, जयपुर व कोलकाता में हालात बिगड़े। इस दिन तक देश में कुल संक्रमित 17,615 हो गए। 24 घंटे में 36 की मौत हुईं
- 22 अप्रैल 2020 : केंद्र सरकार ने अध्यादेश जारी कर डॉक्टरों से मारपीट व हिंसा को गैर जमानती अपराध बनाया। क्योंकि देश में कई जगह कोरोना जांच के लिए गए डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं सामने आईं।
- 24 अप्रैल 2020 : दूसरे आर्थिक पैकेज के लिए पीएम नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री सीतारमण की मौजूदगी में बैठक हुई।
- 25 अप्रैल 2020 : केंद्र सरकार ने शहरों में दुकानें खोलने की इजाजत दी।
- 29 अप्रैल 2020 : देश में 1000 लोगों की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई।
तीसरी बार बढ़ाया लॉकडाउन
- 1 मई 2020 : केंद्र सरकार ने देश में तीसरी बार लॉकडाउन की मियाद बढ़ाते हुए 17 मई 2020 की। ग्रीन व आॅरेंज जोन के शहरों में कुछ राहत दी गई, लेकिन रेड जोन में आने वाले दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु, चेन्नई व अहमदाबाद में कोई राहत नहीं दी गई। इस दिन तक देश में 42,505 मरीज हो चुके थे और 1391 की मौत हो चुकी थी। इस दिन श्रमिक विशेष ट्रेनें शुरू की गईं। प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह नगरों तक छोड़ा गया।
- 7 मई 2020 : वंदे भारत मिशन शुरू हुआ। विदेशों में फंसे भारतीयों को विशेष विमानों से भारत लाया गया। यूके, यूएई, अमेरिका, बहरीन, सिंगापुर से हजारों भारतवंशियों का स्वदेश लाया गया।
- 13 मई 2020 : वित्त मंत्री सीतारमण ने 20 खबर डॉलर का दूसरा वित्त पैकेज घोषित किया। छोटे उद्योगों व कारोबारियों को 5.94 खरब की राहत का एलान किया गया।
- 15 मई 2020 : वित्त मंत्री ने तीसरा वित्तीय पैकेज घोषित किया। इसके कृषि व उससे जुड़े सहायक उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना था।
- 16 मई 2020 : 85,940 केस के साथ भारत कोरोना संक्रमितों की संख्या की दृष्टि से चीन से आगे निकला। वित्त मंत्री ने चौथा आर्थिक पैकेज घोषित कर विभिन्न क्षेत्रों को राहत दी।
- 17 मई 2020 : लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया गया। इसके साथ ही विश्व के किसी देश में लगाया गया यह सबसे लंबा लॉकडाउन हो गया।
- 19 मई 2020 : देश में कोरोना का संक्रमण बढ़ते हुए 1 लाख के आंकड़े को पार कर गया।
- 31 मई 2020 : भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच लाख तक पहुंची।
अनलॉक- 1.0 की शुरुआत हुई
- 1 जून 2020 : भारत विश्व का सातवां सबसे संक्रमित देश बन गया। इसी दिन से देश में लॉकडाउन का पांचवां चरण शुरू हुआ। इस दिन तक देश में 194,504 कोरोना मरीज हो चुके थे। सक्रिय मरीजों की दृष्टि से भारत विश्व में चौथे नंबर पर आ गया था। रेलवे ने 200 विशेष ट्रेन चलाना शुरू की।
- 8 जून 2020 : अनलॉक 1.0 की शुरूआत हुई। इसके साथ ही 75 दिन के सख्त लॉकडाउन के बाद देश को सिलसिलेवार ढंग से खोलना शुरू किया गया। हालांकि इस दिन भी देश में एक दिन के सबसे ज्यादा 9983 नए मामले सामने आए थे।
- 11 जून 2020 : भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए विश्व का चौथा सबसे प्रभावित देश बन गया। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 298,283 पर पहुंच गया और मरने वालों की संख्या 8501 हो गई।
- 17 जून 2020 : भारत में मौत का आंकड़ा 2003 बढ़ा, क्योंकि महाराष्ट्र व दिल्ली सरकारों ने पूर्व में हुई मौतों को कोरोना से होने की पुष्टि की।
- 25 जून 2020 : सीबीएसई ने बची हुई बोर्ड परीक्षाएं निरस्त कीं। बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह बचे प्रश्नपत्र नहीं लेगा। इसी तरह आईसीएसई व आईएससी ने भी परीक्षाएं नहीं कराने का निर्णय लिया।
- 27 जून 2020 : भारत में संक्रमितों की संख्या पांच लाख के पार हुई।
- 20 जून 2020 : प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित किया। अनलॉक-1.0 में लापरवाही बढ़ने व मास्क नहीं पहनने व सुरक्षित दूरी समेत अनेक नियमों का पालन नहीं करने को लेकर जनता को आगाह किया।
केस बढ़ते रहे पर, देश अनलॉक करना पड़ा
- 1 जुलाई 2020 : भारत में अनलॉक-2.0 शुरू हुआ। हालांकि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती रही, लेकिन जनजीवन को पटरी पर लाने व देश को महा आर्थिक संकट से उबारने के लिए यह निर्णय लिया गया। इस दिन तक देश में 17,495 मौतें हो चुकी थीं
- 2 जुलाई 2020 : इस दिन देश में लॉकडाउन के 100 दिन पूरे हुए।