कोरोना: 1000 संक्रमितों वाला पहला राज्य बना महाराष्ट्र, अब तक कुल 64 लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत में कोरोना वायरस का प्रभाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना से देश का सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है, जहां मरीजों की संख्या 1,000 के पार पहुंच गई है। मंगलवार को राज्य में कोरोना के 150 नए मामले सामने आए। इस तरह संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,018 हो गई है। अभी तक महाराष्ट्र में कोरोना से 64 लोगों की जान जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है, जहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1,000 से अधिक हो गई है। अभी तक कुल 1,018 लोग इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हुए है। अकेले राजधानी मुंबई में ही कोरोने के 500 से ज्यादा मामले सामने आए है।
मुंबई में एक दिन में 116 नए मामले सामने आए
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को राज्य में सामने आए 150 नए मामलों में से 116 अकेले मुंबई से आए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य मामलों में पुणे में 18, अहमदनगर, नागपुर और औरंगाबाद में तीन-तीन, ठाणे और बुल्ढाणा में दो-दो और सतारा, रत्नागिरि और सांगली में एक-एक लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
सीएम उद्धव के बंगले 'मातोश्री' में तैनात पुलिसकर्मियों की होगी कोरोना जांच
वही, महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि उपनगर बांद्रा में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास 'मातोश्री' में तैनात पुलिसकर्मियों की कोरोना वायरस संक्रमण के लिए जांच की जाएगी। दरअसल, यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि एक दिन पहले बंगले के पास स्थित एक चाय की दुकान के मालिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
देशमुख ने कहा कि बंगले पर तैनात पुलिसकर्मियों को वहां से हटा दिया गया है और एहतियातन उन्हें अलग रखा गया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि इन पुलिसकर्मियों ने भी उस चाय की दुकान से चाय पी हो, इसलिए हम उनकी और वहां तैनात अन्य कर्मचारियों की जांच करेंगे।
गृह मंत्री ने एक समाचार चैनल से कहा कि हम यदि वे (सुरक्षाकर्मी) संक्रमित हो गए हैं तो हम उन्हें कोरोना के फैलाव को रोकने के मद्देनजर पृथकता केंद्र में रखेंगे।
चाय बेचने वाले व्यक्ति को कोरोना से संक्रमित होने के चलते जोगेश्वरी स्थित एचबीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि छोटी सी दुकान के भीतर रहने वाला यह व्यक्ति कोरोना से कैसे संक्रमित हो गया। मामला सामने आने के बाद, सोमवार को अधिकारियों ने क्षेत्र में कीटाणुनाशक का छिड़काव किया।
इस बीच, देशमुख ने उन लोगों को भी लताड़ लगाई, जो लॉकडाउन के मानदंडों की धज्जियां उड़ा रहे हैं और तुच्छ कारणों से अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। साथ ही गृह मंत्री ने ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि हम सतर्कता बरत रहे हैं। हमने वाहनों को जब्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं और सोमवार तक 4,000 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। गृह मंत्री ने संक्रमित जोनों में रहने वाले लोगों से कहा कि वे घबराएं नहीं और अपने घरों से बाहर न निकलकर राज्य सरकार का सहयोग करें।