आखिर असंतुष्ट जी-23 समूह में हुड्डा के अलावा जन नेता कौन है, जिसकी परवाह कांग्रेस करे?
- आजाद खुद ही अपनी लक्ष्मण रेखा लांघ रहे हैं, उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए
- आनंद शर्मा ही देंगे अपने बयान पर सफाई
- बड़ा सवालः क्या इन नेताओं का मकसद कांग्रेस को ही नुकसान पहुंचाना है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस पार्टी गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और कपिल सिब्बल की अगुवाई वाले असंतुष्ट जी-23 समूह में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा के अलावा जन नेता कौन हैं? उड़ीसा कांग्रेस के एक बड़े नेता ने यह सवाल उठाया है। उनके सवाल पर कांग्रेस के पूर्व महासचिव और दिल्ली के पूर्व प्रभारी ने भी साथ दिया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने भी कहा कि गुलाम नबी आजाद जैसे वरिष्ठ नेता से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।
सूत्र का कहना है कि राहुल तमिलनाडु में, प्रियंका गांधी वाड्रा असम में पार्टी के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। कांग्रेस तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम विधानसभा चुनाव के प्रचार की रणनीति तैयार करने में व्यस्त हैं, वहीं हमारे कुछ नेता कांग्रेस पार्टी को ही कमजोर करने में लगे हैं। यह काम तो चुनाव के बाद भी हो सकता था।
मनीष तिवारी ने कहा दोनों नेता खुद ही देंगे प्रतिक्रिया
जी-23 समूह में शामिल पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद मनीष तिवारी ने अमर उजाला से कहा कि जम्मू में जो कहना था, कह दिया। अब इस बारे में कुछ नहीं दोहराना है। रहा सवाल आनंद शर्मा या फिर अधीर रंजन के बयानों पर प्रतिक्रिया देने का, तो वह कुछ नहीं बोलेंगे। इस पर जो भी कहना होगा, अपने-अपने बयान पर अधीर रंजन चौधरी और आनंद शर्मा ही बोलेंगे।
हालांकि अधीर रंजन चौधरी और आनंद शर्मा के बीच विरोधाभासी बयान आने के बाद कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने आनंद शर्मा को सलाह दी है। तारिक अनवर का कहना है कि आनंद शर्मा को ट्वीट करने के बजाय इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के मामले में अधीर रंजन चौधरी से बात कर लेनी चाहिए थी।
तारिक अनवर के अनुसार पार्टी नेताओं को पार्टी फोरम पर अपनी बात रखनी चाहिए। यह पार्टी नेतृत्व के ऊपर निर्भर करता है कि वह उसे माने या न माने, लेकिन फोरम के बाहर अपनी बात रखना ठीक नहीं है। तारिक ने आईएसएफ के बारे में भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह एक धार्मिक संगठन है। इसे सांप्रदायिक कहना सही नहीं है।
क्या कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं? फोरम पर पूछूंगा सवाल?
यूपीए सरकार में केन्द्रीय मंत्री रहे एक नेता का कहना है कि वह मीडिया में चर्चा करके खुद को छोटा नहीं करना चाहते, लेकिन वह पार्टी फोरम पर गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा के व्यवहार को लेकर सवाल पूछेंगे। वह जानना चाहेंगे कि क्या ये दोनों बड़े नेता पार्टी को ही विधानसभा चुनाव के दौरान नुकसान पहुंचाना चाहते थे? किस नैतिकता के तहत उन्होंने जम्मू-कश्मीर में पार्टी के नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया और सत्ता पक्ष को फायदा पहुंचाने वाली भाषा बोली। वरिष्ठ सूत्र का कहना है कि अब्बास सिद्दीकी की पार्टी आईएसएफ को गठबंधन में शामिल करना बिना कांग्रेस के नेतृत्व की सहमति के संभव नहीं है।
हुड्डा के अलावा किसके पास जनसमर्थन है?
कांग्रेस पार्टी के एक प्रवक्ता का जवाब सुनिए। कहते हैं कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा को छोड़कर गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल के रास्ते पर कांग्रेस का कोई जन नेता नहीं है। यहां तक कि जम्मू-कश्मीर में वरिष्ठ नेताओं के सामने आने के बाद उन्हें पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलने में भी मुश्किल आएगी।
सूत्र का कहना है कि भूपेन्द्र हुड्डा हरियाणा में एक क्षेत्र में अपनी खास पकड़ रखते हैं। उन्हें जाटों का समर्थन हासिल है। लेकिन इसके साथ-साथ हरियाणा में अन्य जाट नेता भी हैं। कांग्रेस नेता का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में गुलाम नबी आजाद कोई खास पकड़ नहीं रखते। उनके राजनीतिक जीवन का अधिकांश हिस्सा राज्यसभा में ही बीता है।