{"_id":"6aa24b15ce3a8d82ec084153","slug":"cm-devendra-fadnavis-wife-calls-maratha-reservation-face-manoj-jarange-her-brother-invites-him-home-for-meal-2026-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"मराठा आरक्षण: मनोज जरांगे को सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी ने बताया भाई, घर आने का क्यों दिया न्यौता?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मराठा आरक्षण: मनोज जरांगे को सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी ने बताया भाई, घर आने का क्यों दिया न्यौता?
Thu, 10 Sep 2026 11:46 AM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Thu, 10 Sep 2026 11:46 AM IST
सार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल को अपना भाई बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने जरांगे को घर पर भोजन के लिए भी आमंत्रित किया है।
विज्ञापन
अमृता फडणवीस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने मराठा आरक्षण आंदोलन के प्रमुख कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल को अपना भाई बताया है। उन्होंने जरांगे पाटिल को अपने घर पर भोजन के लिए आमंत्रित भी किया है। बता दें कि मनोज जरांगे पाटिल जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में मराठा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी के तहत आरक्षण देने की मांग को लेकर पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि हैदराबाद और सतारा गजट में दर्ज रिकॉर्ड को लागू किया जाए और मराठा समुदाय के पात्र सदस्यों को कुनबी जाति के प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।
विज्ञापन
'जारंगे पाटिल मेरे भाई'
अमृता फडणवीस बुधवार रात नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान मनोज जरांगे पाटिल और उनके आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, 'जारंगे पाटिल मेरे भाई हैं और मैं उन्हें हमारे घर पर खाने के लिए आमंत्रित करती हूं।' वहीं, मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटिल के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि सरकार संविधान के तहत जो भी संभव होगा, वह करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक समुदाय के हिस्से से लेकर दूसरे समुदाय को कुछ नहीं दिया जाएगा। हम हर संभव प्रयास करेंगे। हमने बातचीत के लिए कभी दरवाजे बंद नहीं किए। सरकार चर्चा के माध्यम से समाधान निकालती है और पूरी प्रक्रिया इसी भावना के साथ आगे बढ़ रही है।
विज्ञापन
नवरात्रि और गरबा को लेकर भी बोलीं अमृता
अमृता फडणवीस ने बुधवार को नवरात्रि और गरबा को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि त्योहार सभी को साथ लेकर चलने वाले होते हैं और अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति किसी समारोह में शामिल होता है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने नवरात्रि कार्यक्रमों में मुसलमानों के प्रवेश पर रोक लगाने की विश्व हिंदू परिषद की मांग का समर्थन किया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: रानी मुखर्जी: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया अभिनेत्री को सम्मानित; मंच पर हुईं भावुक, कही यह बड़ी बात
हिंदू धर्म की झलक दिखाने का माध्यम हैं गरबा
अमृता फडणवीस ने कहा कि नवरात्रि और गरबा लोगों को हिंदू धर्म की झलक दिखाने के बहुत अच्छे माध्यम हैं। उन्होंने इन आयोजनों की विशिष्टता से दुनिया को परिचित कराने का आह्वान भी किया।
बता दें कि विश्व हिंदू परिषद ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि उत्सव के दौरान राज्य भर में आयोजित होने वाले 'गरबा' और 'डांडिया' स्थलों पर मुसलमानों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।