{"_id":"64e12f595ce39ee1b2041154","slug":"chennai-delhi-air-india-flight-suffers-delay-due-to-technical-snag-big-news-in-hindi-2023-08-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: तकनीकी खामी के चलते एयर इंडिया की चेन्नई-दिल्ली उड़ान रोकी गई, यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Big News: तकनीकी खामी के चलते एयर इंडिया की चेन्नई-दिल्ली उड़ान रोकी गई, यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया
Sun, 20 Aug 2023 07:13 AM IST
गुलाम अहमद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
Published by: गुलाम अहमद
Updated Sun, 20 Aug 2023 07:13 AM IST
विज्ञापन
एयर इंडिया
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चेन्नई से नई दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण आखिरी समय में रोकनी पड़ी। इसके कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, बाद में एयरलाइंस की तरफ से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। तब जाकर वे दिल्ली के लिए उड़ान भर सके। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि ज्यादा देरी होने के कारण 64 यात्री हवाईअड्डे से लौट गए।
विज्ञापन
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि एयरलाइन अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, इस कारण तकनीकी खराबी सामने के आने के बाद विमान को इंजीनियरिंग जांच के लिए रोक दिया गया। अधिकारी ने कहा कि लगभग 166 यात्रियों को रात नौ बजे प्रस्थान करने वाली उड़ान में समायोजित किया गया। इस बीच, यात्रियों को भोजन और जलपान परोसा गया और होटल आवास की भी पेशकश की गई।
विज्ञापन
सीएमआरआई ने हासिल किया मील का पत्थर
कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ने शनिवार को बताया कि हाल ही में 500 सफल रोबोटिक संयुक्त प्रतिस्थापन सर्जरी पूरी हो गई है। यह अपने आप में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। डॉक्टरों की एक टीम ने बताया कि उन्होंने ऑर्थोपेडिक्स विभाग के निदेशक डॉ. राकेश राजपूत के नेतृत्व में सर्जरी से कई रोगियों को जीवनदान दिया है।
विज्ञापन
कर्नाटक में मंदिरों को पैसा देना बंद करने वाला आदेश वापस
विपक्षी भाजपा सहित विभिन्न हलकों से आलोचना का सामना करने के बाद कर्नाटक सरकार ने विकास कार्यों के लिए सरकार की ओर से संचालित मंदिरों को धन देना बंद करने वाला आदेश वापस ले लिया। मुजराई या हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने स्पष्ट किया कि परिपत्र ‘भ्रम’ के कारण जारी किया गया था और सरकार का मंदिरों में किसी भी विकास या मरम्मत कार्य को रोकने का कोई इरादा नहीं है।
जी-20 बैठकों के नाम पर चुनावी अभियान चला रहा केंद्र : जयराम
कांग्रेस ने शनिवार को सरकार पर भारत में जी-20 बैठकों का इस्तेमाल कर ‘चुनावी अभियान’ चलाने का आरोप लगाया कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, जी20 का गठन 1999 में हुआ था। 19 देश और यूरोपीय संघ इसके सदस्य हैं। जिस तरह का चुनाव अभियान यहां चलाया जा रहा है और इसके आसपास ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, वैसा किसी अन्य देश में नहीं हुआ है।
एक्सयूवी700 में खराबी, महिंद्रा ने एक लाख गाड़ियों को वापस मंगाया
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) एक्सयूवी700 के इंजन में तार संबंधी दिक्कत का परीक्षण करने के लिए एक लाख से ज्यादा गाड़ियां वापस मंगाईं हैं। कंपनी के मुताबिक, आठ जून, 2021 से 28 जून, 2023 तक बनीं 1,08,306 एक्सयूवी700 के इंजन में तारों का परीक्षण करने के लिए वापस मंगाया है।
टाइटन ने कैरटलेन में खरीदा 27.18 फीसदी हिस्सा
ब्रांडेड आभूषण निर्माता टाइटन ने अपनी सहयोगी कंपनी कैरटलेन में 27.18 प्रतिशत हिस्सा खरीदा है। अब कैरटलेन में उसकी कुल हिस्सेदारी 98.28 प्रतिशत हो गई है। टाटा समूह की टाइटन ने शेयर खरीद समझौता करते हुए कैरटलेन ट्रेडिंग और उनके पारिवारिक सदस्यों से 91.90 लाख इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण किया।
ईसाइयों पर हमले रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग
केरल में कैथोलिक पादरियों की शीर्ष संस्था ने कई देशों में अल्पसंख्यक ईसाई समुदायों पर हुए हमलों की निंदा की है। साथ ही इस मुद्दे का समाधान खोजने के लिए संयुक्त राष्ट्र से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल ने एक बयान जारी कर रहा, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान में बहुसंख्या समुदाय की ओर से हाल ही में अल्पसंख्यक ईसाइयों पर हमले किए गए।
केरल में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू का खतरा, सुअरों को मारने का आदेश
केरल में कन्नूर जिले के कनिचर गांव में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा गया है। इसके चलते जिलाधिकारियों ने दो फार्म में सूअरों को मारने का आदेश दिया है। जिला पशुपालन अधिकारी ने शुक्रवार को मलायमपाडी स्थित एक निजी फार्म में फ्लू मिलने की पुष्टि की।
स्थायी समिति की तीन विधेयकों पर पहली बैठक 24 से 26 तक
भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), भारतीय आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और साक्ष्य अधिनियम से संबंधित तीन नए प्रस्तावित संशोधन विधेयकों को संसद के शीतकालीन सत्र में लाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ द्वारा तीनों प्रस्तावित विधेयकों को गृह मामलों की स्थायी समिति को भेजे 24 घंटे भी नहीं बीते कि समिति की पहली बैठक 24 से 26 अगस्त तक तय कर दी गई है। बैठक में गृह मंत्रालय के अधिकारी तीनों कानूनों के संशोधनों पर संसद की स्थायी समीति को विस्तार से जानकारी देंगे। इसके अलावा समिति संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा भी करेगी। समिति की अध्यक्षता पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल कर रहे हैं।
गृह मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष बृजलाल ने बताया कि तीनों प्रस्तावित कानूनों को लेकर समिति को तत्परता से काम करना होगा। समिति में कुल 30 सदस्य हैं जो कि गृह, विधि समेत विभिन्न मंत्रालयों, हितधारकों, विशेषज्ञों और संबंधित से व्यापक विचार विमर्श करेंगे। रिपोर्ट तैयार कर दोनों सदनों में पेश की जाएगी। समिति में भाजपा के 16 सदस्यों समेत राजग के 19 और विपक्षी पार्टियों के 11 सदस्य शामिल हैं।
मिशन अमृत सरोवर लक्ष्य हासिल करने में आठ राज्य पीछे
जल निकायों को पुनर्जीवित करने के अभियान मिशन अमृत सरोवर के तहत बंगाल, हरियाणा, पंजाब समेत आठ राज्य लक्ष्य हासिल करने में पीछे हैं, जबकि राष्ट्रीय लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। लक्ष्य हासिल करने में पीछे रहने वाले अन्य राज्यों में राजस्थान, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और बिहार हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने अप्रैल, 2022 में इस मिशन का शुभारंभ किया था। मिशन अमृत सरोवर के तहत हर जिले में कम से कम 75 सरोवरों को पुनर्जीवित करना था। इसके तहत 15 अगस्त तक 50,000 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य रखा गया था।
हरित हाइड्रोजन मानक हुए जारी उत्पादन के लिए उत्सर्जन सीमा तय
केंद्र सरकार ने शनिवार को हरित हाइड्रोजन मानकों को जारी किया। साथ ही इसकी परिभाषा में इलेक्ट्रोलिसिस और बायोमास आधारित तरीकों को भी शामिल किया गया। भारत के लिए हरित हाइड्रोजन मानक 12 महीने के औसत के रूप में दो किलो सीओ2 समतुल्य प्रति किलो एच2 की उत्सर्जन सीमा तय की गई है। इस अधिसूचना के साथ भारत हरित हाइड्रोजन की परिभाषा की घोषणा करने वाले दुनिया के कुछ शुरुआती देशों में से एक हो गया है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन की प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के तहत सरकार ने भारत के लिए हरित हाइड्रोजन मानकों को अधिसूचित किया है। मंत्रालय ने जारी किए गए मानकों के तहत उत्सर्जन की सीमा भी तय की है, जिन्हें पूरा करने पर ही उत्पादित हाइड्रोजन को ‘हरित’ के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा।
एनजीटी ने पर्यावरण मंत्रालय को दिए औद्योगिक अपशिष्ट से निपटने के निर्देश
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को औद्योगिक अपशिष्ट की पहचान और उसका निस्तारण करने के तत्काल उपाय करने के निर्देश दिए। ट्रिब्यूनल औद्योगिक अपशिष्ट और उप-उत्पाद की पहचान पर जारी की गई रूपरेखा के ठीक से कार्यान्वयन न होने के संबंध में एक मामले की सुनवाई कर रहा था।
त्रिपुरा में एनएलएफटी के पांच आतंकियों ने किया आत्मसमर्पण
त्रिपुरा में प्रतिबंधित संगठन नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के पांच आतंकियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन आतंकियों की पहचान कांता मोहन त्रिपुरा, नक्षत्र देबबर्मा, इमांग देबबर्मा, गेटाजॉय त्रिपुरा और मंसुबर त्रिपुरा के तौर पर हुई है। इन्हें बांग्लादेश स्थित एनएलएफटी के सिलाचेरी शिविर में प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
द. अफ्रीका में ईरानी राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए उत्सुक...
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह 22-24 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मौके पर ईरानी राष्ट्रपति सैयद इब्राहिम रायसी से मुलाकात के लिए उत्सुक हैं। दोनों नेताओं की शुक्रवार को फोन पर बात हुई थी, जिसमें उन्होंने चाबहार बंदरगाह सहित कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की थी। मोदी ने शनिवार को एक्स पर किए ट्वीट में कहा, ईरानी राष्ट्रपति रायसी से बात करके खुशी हुई। दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन से इतर उनसे मुलाकात का इंतजार रहेगा।
जमीन घोटाला में सीएम सोरेन को फिर समन
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फिर समन भेजा है। उन्हें 24 अगस्त को पेश होने के लिए कहा है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान सोरेन से उनकी व उनके परिवार की बेनामी संपत्तियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी ने इससे पहले, 14 अगस्त को सोरेन को समन भेजा था, लेकिन सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का हवाला देते हुए पेश होने में असमर्थता जाहिर की थी।
पेंडोरा पेपर्स : ईडी ने जब्त की 37 करोड़ की संपत्ति
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेंडोरा पेपर्स मामले में गोवा के खनन कारोबारी राधा टिंबलो के बेटे रोहन टिंबलो की 36.80 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। पेंडोरा लीक के तहत वर्ष 2021 में भारत के बाहर अघोषित संपत्तियों का खुलासा हुआ था। ईडी के अनुसार, रोहन ने ऑफशोर फैमिली ट्रस्ट कोलारेस के तहत उपलब्ध 4,499,620 डॉलर की जानकारी छिपाई। इसके तहत तीन कंपनियों का खुलासा भी नहीं किया था। ऐसे में भारत के बाहर विदेशी मुद्रा प्राप्त कर उन्होंने लगभग 37.34 करोड़ रुपये की राशि के लिए फेमा की धारा 4 के प्रावधानों का उल्लंघन किया। इसके परिणामस्वरूप उनकी अचल संपत्ति जब्त कर ली गई है।
26 लाख नकद और दस्तावेज किए जब्त
मप्र सरकार की 151 करोड़ से अधिक की जमीन की कथित अवैध बिक्री से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने धार जिले में छापा मारकर 26 लाख नकद जब्त किए व कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस हफ्ते की शुरुआत में धार में आठ ठिकानों पर तलाशी ली गई। ईडी ने कहा कि विचाराधीन भूमि धार के तत्कालीन महाराजा आनंद राव पवार की ओर से कनाडाई प्रेस्बिटेरियन मिशन के डॉ. मार्गरेट ओ'हारा को महिला अस्पताल और डॉक्टरों के लिए आवासीय सुविधा स्थापित करने के एकमात्र उद्देश्य के लिए दी गई थी।
भारतीय मूल के लैब संचालक को धोखाधड़ी में 27 साल की कैद
अमेरिका में भारतीय मूल के लैब संचालक मीनल पटेल को अमेरिका की सरकारी स्वास्थ्य बीमा कंपनी मेडिकेयर के साथ 46.3 करोड़ डॉलर की धोखधड़ी के मामले में 27 वर्ष कैद की सजा दी गई है। लैबसॉल्यूशंस एलएलसी नाम से मेडिकल लैब चलाने वाले मीनल पटेल ने फर्जी जांचों के नाम पर मेडिकेयर से 18.7 करोड़ डॉलर की रकम हासिल की, जिसमें से करीब 2.1 करोड़ डॉलर खुद रखे, जबकि शेष रकम डॉक्टरों, मरीजों और दलालों में बांट दी। न्याय विभाग ने बताया कि पटेल ने टेलीमेडिसिन कंपनियों और बीमा दलालों के साथ मिलकर साजिश रची।