चंद्रयान-2 प्रक्षेपण: कांग्रेस ने कहा- नेहरू को याद करने का अच्छा समय, भाजपा बोली- राजनीति ना करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण पर कांग्रेस ने इसरो को बधाई देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और डॉ. मनमोहन सिंह को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रमों में प्रगति करने के लिए श्रेय दिया। वहीं भाजपा ने जवाबी हमले में कहा कि कांग्रेस इस मामले का राजनीतिकरण कर रही है।
कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा कि यह देश के पहले विजनरी प्रधानमंत्री नेहरू को याद करने का अच्छा समय है। उन्हाेंने 1962 में आईएनसीओएसपीएआर संगठन के जरिए खगोलीय शोध को बढ़ावा दिया। यह संगठन आगे चलकर इसरो बना।
वहीं डॉ. सिंह ने चंद्रयान 2 प्रोजेक्ट 2008 में स्वीकृत किया। इस पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इस तरह की बात करना अपमानजनक है। यह प्रक्षेपण हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है, इसे राजनीति में नहीं खींचा जाना चाहिए। साथ ही कहा कि जब आपके पास भविष्य का नेतृत्व नहीं होता तो आप सामयिक बने रहने के लिए इतिहास खंगालने लगते हैं। कांग्रेस के साथ यही हो रहा है।
इन कांग्रेस नेताओं ने भी की टिप्पणी
- प्रवक्ता राजीव गौड़ा ने कहा कि छप्पर में बैठकर आर्यभट्ट उपग्रह निर्माण से लेकर चंद्रयान-1 की सफलता और अब चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण देश के लिए गर्व का विषय है। इसरो, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के साथ साथ प्रधानमंत्री नेहरु व बाद के विजनरी नेताओं को बधाई।
- रनदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने दिन रात मेहनत कर 130 करोड़ भारतवासियों को गर्व का मौका दिया है।
- आनंद शर्मा ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नेहरु से शुरू हुआ और पीएम इंदिरा के समय 1975 में इसने आर्यभट्ट के लॉन्च के साथ बड़ी छलांग लगाई।
भाजपा के प्रमुख नेताओं ने भी सराहा
- गृहमंत्री अमित शाह ने इसरो वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने अंतरिक्ष तकनीक में नया बेंचमार्क स्थापित किया है। भारत देश के वैज्ञानिकों के प्रति कृतज्ञ है। साथ ही शाह ने मोदी को भी संस्थानों को प्रोत्साहित करने और नए मापदंड स्थापित करने के लिए धन्यवाद दिया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चंद्रयान-2 के त्रुटिहीन प्रक्षेपण पर कहा कि इसके लिए वैज्ञानिकों को बधाई। उन्हाेंने भारत के अंतरिक्ष इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। देश उन पर गर्व करता है।
संसद में दी गई बधाई
संसद ने भी सभी वैज्ञानिकों को चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई दी। बधाई संदेश में कहा गया कि यह उपलब्धि देश के इतिहास में स्वर्णिम शब्दों में दर्ज हुई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सफल प्रक्षेपण की सूचना देते हुए कहा कि भारत ने अंतरिक्ष में अपनी महारथ दर्शाई है।
वैज्ञानिकों ने हमारे गर्व में इजाफा किया है। संसद इसरो के वैज्ञानिकों और पीएम मोदी को उनके प्रयासों के लिए बधाई देती है। वहीं राज्यसभा में अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने भारतीय तकनीक से हुए सफल प्रक्षेपण के लिए वैानिकों को बधाई दी। साथ ही बताया कि 12 अगस्त को भारतीय खगोल विज्ञान के पितामह कहे जाने वाले डॉ. विक्रम साराभाई का 100वां जन्म वर्ष है। चंद्रयान-2 का इसके साथ सुखद संयोग बना है।