{"_id":"600efdb1b7103174ac4035e0","slug":"central-governments-directs-that-senior-officials-must-attend-the-parade-program-on-rajpath-otherwise-action-will-be-taken","type":"story","status":"publish","title_hn":"केंद्र का आदेश: गणतंत्र दिवस परेड में नहीं शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी तो होगी कार्रवाई","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
केंद्र का आदेश: गणतंत्र दिवस परेड में नहीं शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी तो होगी कार्रवाई
Mon, 25 Jan 2021 10:49 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Mon, 25 Jan 2021 10:49 PM IST
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस परेड का अभ्यास
- फोटो : जी पाल
केंद्र सरकार ने राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किए गए अपने सभी अधिकारियों से कहा है कि उन्हें कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा और अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। केंद्र सरकार के सचिव स्तर के सभी अधिकारियों को भेजे गए संदेश में मंत्रिमंडल सचिव राजीव गौबा ने कहा है कि कोविड-19 महामारी की वजह से राजपथ पर आधिकारिक समारोह में सीटों की क्षमता घटाकर कुल सीटों की 25 फीसदी कर दी गई है।
विज्ञापन
गौबा ने अपने पत्र में कहा है कि राजपथ पर होने वाला गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को हर साल होनेवाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोह है और इसके महत्व को देखते हुए उम्मीद की जाती है कि आमंत्रित किए गए सभी अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हों। पत्र में कहा गया है, इस साल सीटों की क्षमता घटाकर कुल सीटों की 25 फीसदी कर दी गई है, इसलिए यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि आमंत्रित किए गए सभी अधिकारी अपने दायित्व के तहत समारोह में शामिल हों।
विज्ञापन
इसमें कहा गया है, ‘‘आप राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित अपने मंत्रालय/विभाग के सभी अधिकारियों को कार्यक्रम में शामिल होने की उपयुक्त सलाह दे सकते हैं। आप उन्हें आगाह भी कर सकते हैं कि इस अवसर पर अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गणतंत्र दिवस पर सशस्त्र बलों, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और अन्य से सलामी लेंगे। परेड में सशस्त्र बल विभिन्न टैंकों, मिसाइलों और अन्य उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन
इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों की झांकियों और नृत्य से वहां की सांस्कृतिक छटा बिखरेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, सांसद और अन्य हस्तियां इस अवसर पर मौजूद होंगी। उल्लेखनीय है कि इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में कोई मुख्य अतिथि नहीं होगा क्योंकि मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अपनी भारत यात्रा रद्द कर दी है।