फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Budget session: Opposition could not understand PM Modi masterstroke, Congress will attack BJP

Budget session: मोदी के मास्टर स्ट्रोक को नहीं भांप सका विपक्ष, BJP को 'विक्रम-बेताल' बन घेरेगी कांग्रेस

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Mon, 13 Mar 2023 08:02 PM IST
विज्ञापन
सार
बतौर खरगे, साउथ कोरिया में मोदी की बात का मतलब था कि 70 साल में जो कुछ इस देश में हुआ या जो उद्योगपति बढ़े, जो इन्वेस्टमेंट हुआ, उसका उन्होंने ऐसा खंडन किया कि जैसे उस वक्त के बिजनेसमेन बेकार थे। उस वक्त के लोग बेकार थे...
loader
Budget session: Opposition could not understand PM Modi masterstroke, Congress will attack BJP
Budget session: विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक करते कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे - फोटो : Agency

विस्तार

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को जैसे ही शुरू हुआ, तो सत्ता पक्ष के सदस्यों ने राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान पर हंगामा कर दिया। भाजपा सांसदों ने दोनों सदनों में राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग उठाई। पहले तो सदन की कार्यवाही को दो बजे तक स्थगित किया गया, लेकिन उसके बाद कार्यवाही, मंगलवार तक स्थगित कर दी गई। सत्र की शुरुआत से पहले माना जा रहा था कि अदाणी और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष, सत्ता पक्ष की जबरदस्त घेराबंदी करेगा, लेकिन पीएम मोदी के मास्टर स्ट्रोक को भांपने में विपक्ष कामयाब नहीं हुआ। विपक्ष से जिस हंगामे की उम्मीद थी, वह तो सत्ता पक्ष ने ही कर दिया। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कहना पड़ा कि हम उन्हें (भाजपा) छोड़ेंगे नहीं। केंद्र सरकार, संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। कांग्रेस पार्टी उनके पीछे विक्रम-बेताल के जैसे लगी है, उन्हें छोड़ेंगे नहीं।

विपक्ष की भाजपा पर हमले की खास तैयारी

संसद के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों ने अदाणी मुद्दे पर पीएम मोदी और भाजपा को घेरने का प्रयास किया था। इसके चलते कई दिनों तक सदन की कार्यवाही बाधित रही। सत्र के दूसरे चरण में विपक्ष ने भाजपा पर हमला बोलने के लिए खास तैयारी की थी। विपक्ष की सूची में अदाणी और केंद्रीय जांच एजेंसियों का मुद्दा, पहले नंबर पर था। दूसरे स्थान पर महिला आरक्षण बिल था। गत शुक्रवार को जंतर-मंतर पर तेलंगाना के सीएम केसीआर की बेटी एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता ने संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण की मांग को लेकर धरना दिया था। इस धरने में दर्जनभर से अधिक विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। धरने को विपक्षी एकजुटता से भी जोड़ कर देखा गया। हालांकि विपक्षी नेताओं का फोकस, महिला आरक्षण की बजाए, केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर रहा। खुद के. कविता भी ईडी की पूछताछ में शामिल हुई हैं। ये अलग बात है कि धरने के दौरान कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने ट्वीट में कहा था कि कांग्रेस नेतृत्व के प्रयासों के कारण 9 मार्च 2010 को एतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक राज्यसभा में पारित हुआ था, लेकिन लोकसभा में इसे समर्थन नहीं मिल सका। बिल अभी भी लैप्स नहीं हुआ है, लोकसभा में लंबित है। इसे फिर से पेश करने से किसने रोका है।

यह भी पढ़ें: Congress: महंगाई और अदाणी मामले को लेकर कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन; केंद्र सरकार पर बरसे खरगे  

संसद सत्र में भाजपा, विपक्ष पर हमला बोल सकती है, इसका संकेत तो एक दिन पहले ही मिल गया था। दरअसल पीएम मोदी ने कर्नाटक के हुबली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने बिना नाम लिए कहा, भारत न केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि लोकतंत्र की जननी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए। बस यहीं से भाजपा की रणनीति बदल गई।

संसद सत्र के पहले ही दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में राहुल गांधी पर जमकर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश की धरती से भारत का अपमान किया है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में भाजपा के नेता पीयूष गोयल ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। गोयल ने कहा, राहुल गांधी ने विदेशी जमीन पर भारतवासियों और सदन का अपमान किया है। कांग्रेस सांसद को भारत के ऊपर ऐसी टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें सदन में आकर माफी मांगनी चाहिए।

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा, राहुल की बात का इस सदन से कोई संबंध नहीं था।

'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे'

डेमोक्रसी के बारे में राहुल गांधी ने विदेशी कॉलेजों में आयोजित सेमिनार में जो कुछ कहा था, उसे राज्यसभा में उठाया जा रहा है। ये तो नियमों के खिलाफ है। सदन के नेता पीयूष गोयल ने उनके भाषण को अपने ढंग से पेश कर दिया है। वे लोग खुद डेमोक्रसी को यहां कुचल रहे हैं। मोदी सरकार में डेमोक्रसी और संविधान की कोई जगह नहीं है। यह सरकार, जांच एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है। जैसे एक तानाशाह देश को चलाता है, वैसा ही वो काम यहां पर कर रहे हैं। बतौर खरगे, मोदी साहब के भी कई उदाहरण हैं, जहां उन्होंने ऐसे बयान दिए हैं। उन्होंने शंघाई में क्या कहा था। अगर कोई किसी कॉलेज के सेमिनार में डेमोक्रसी और संविधान पर बात करे, तो उससे देश की मर्यादा चली जाती है। वे हमें देशद्रोही बताते हैं। साउथ कोरिया में मोदी की बात का मतलब था कि 70 साल में जो कुछ इस देश में हुआ या जो उद्योगपति बढ़े, जो इन्वेस्टमेंट हुआ, उसका उन्होंने ऐसा खंडन किया कि जैसे उस वक्त के बिजनेसमेन बेकार थे। उस वक्त के लोग बेकार थे। उस वक्त के लोगों की कोई इज्जत नहीं थी। सिर्फ मोदी के सरकार में आने के बाद ही उनकी इज्जत बढ़ी है।

यह भी पढ़ें: Raipur: अडानी को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस; सीएम भूपेश समेत दिग्गज कांग्रेस नेताओं का राजभवन में 'हल्लाबोल'

खरगे यहीं पर ही नहीं ठहरे, उन्होंने कनाडा का उदाहरण भी दे दिया। वहां पीएम ने कहा था कि जिन्हें गंदगी करनी थी, वे गंदगी करके चले गए, पर हम सफाई करेंगे। सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों को अपने हाथ में लेकर हर विपक्षी पार्टी को दबाने और कुचलने की बात हो रही है। ये बिल्कुल वैसा ही जैसे 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे'। जो लोग खुद डेमोक्रसी को कुचल रहे हैं, वे लोग ये सब बातें कर रहे हैं। कांग्रेस सहित विभिन्न 16-17 पार्टियों के नेता एक साथ हैं। इनकी मांग है कि अदाणी मामले की जांच के लिए ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी का गठन हो। उस मामले से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी का मुद्दा उछाल रहे हैं। खरगे ने कहा, मुझे सदन में दो मिनट भी बोलने नहीं दिया जाता। ऐसा भेदभाव क्यों हो रहा है। सदन में अदाणी की बात उठाते ही माइक बंद कर दिया जाता है। इन मुद्दों पर कांग्रेस एवं दूसरे विपक्षी दल, मोदी सरकार का पीछा नहीं छोड़ेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed