Budget 2023: बजट में कृषि, सिंचाई और अटल भूजल योजना का रखा विशेष ध्यान, ऐसे मिलेगी जल जीवन मिशन को रफ्तार
Budget 2023: केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी बजट प्रतिक्रिया में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बहुत बधाई और आभार कि उन्होंने ऐसा बजट प्रस्तुत किया है। इस बजट से हर वर्ग स्वयं को सशक्त महसूस कर रहा है...
विस्तार
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी को बजट पेश किया। अपने बजट में वित्त मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लिए 7192 करोड़ रुपये और जल जीवन मिशन के लिए 70 हजार करोड़ का बजट आवंटित किया। वहीं, देश की नदियों को जोड़ने की योजना के लिए 3500 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया गया है। जबकि अटल भूजल योजना के लिए 1000 करोड़ रुपए, नेशनल हाइड्रोलॉजी प्रोजेक्ट के लिए 500 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के लिए 8587 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी बजट प्रतिक्रिया में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बहुत बधाई और आभार कि उन्होंने ऐसा बजट प्रस्तुत किया है। इस बजट से हर वर्ग स्वयं को सशक्त महसूस कर रहा है। यह सबके साथ, विकास और प्रयास का बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आज देश के आय-व्यय का लेखा-जोखा जनता के सामने रख प्रमाणित किया कि भारत अपनी आत्मनिर्भरता के बल पर आर्थिक विकास कर रहा है।
शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन ने हाल ही में 11 करोड़ घरों तक नल से जल पहुचाने का आंकड़ा पार किया है। जल जीवन मिशन को और गतिमान करने हेतु मिशन को इस वर्ष 70 हजार करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इससे हमें घर-घर नल से जल के संकल्प को पूरा करने में और गति मिलेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में 'हर घर नल से जल' पहुंचाने की गति लगातार बढ़ रही है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि केंद्रीय बजट में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लिए 7192 करोड़ रुपये का प्रावधान संपूर्ण स्वच्छता की बुनियाद को अचल-अटल बनाएगा। मोदी सरकार स्वच्छता और विकास को समानता से देखती है। आजादी के इस अमृत काल में भारत की समृद्धि में प्राकृतिक संसाधनों की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश की नदियों को जोड़ने की योजना के लिए 3500 करोड़ रुपये का प्रावधान आने वाले समय में देश की उन्नति के लिए निर्णायक होगा।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि बजट कहता है जल समानता से सुरक्षित, संरक्षित और वितरित होगा। इसी संकल्प हेतु अटल भूजल योजना के लिए 1000 करोड़ रुपये, नेशनल हाइड्रोलॉजी प्रोजेक्ट के लिए 500 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के लिए 8587 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।