BJP: राम मंदिर उद्घाटन के तुरंत बाद चुनाव प्रचार में कूदे मोदी, थीम सॉन्ग में राम के साथ काम का बखान
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
राम मंदिर के उद्घाटन के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुट गए हैं। आज उन्होंने नव मतदाता सम्मेलन में देश के युवाओं को संबोधित किया। साथ ही आज ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में वे इस चुनाव की पहली जनसभा को संबोधित किया। नव मतदाता सम्मेलन के दिन ही भाजपा ने पार्टी का थीम सॉन्ग 'सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, तभी लोग मोदी को चुनते हैं' भी जारी कर दिया है। वीडियो में महिलाओं, किसानों, जवानों, युवाओं, सड़क निर्माण, स्पेश मिशन और भारत को आगे बढ़ाने की बात की गई है। वीडियो के अंत में राम मंदिर उद्घाटन को भी दिखाया गया है। यानी भाजपा ने भगवान राम के मंदिर निर्माण के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र के 10 साल के कामकाज पर वोट मांगने का निर्णय कर लिया है।
2 मिनट 12 सेकंड के भाजपा के थीम सॉन्ग की शुरुआत एक महिला के द्वारा चूल्हा फूंकने से होती है। बाद में मोदी के शासन को भारत में विकास के नए सूर्योदय के रूप में दिखाते हुए देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ता हुआ बताया गया है। महिलाओं, युवाओं में आत्मनिर्भरता और मोदी की विदेश नीति के कारण दुनिया में भारत की धमक बढ़ते हुए बताया गया है। भारत के विकास की कहानी दोहराते हुए वीडियो का अंत भगवान राम की नई मूर्ति को दिखाने के साथ होती है। इस बीच यह शब्द दोहराए जाते हैं कि 'सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं'। इस बीच भाजपा ने भ्रष्टाचारियों पर कठोर कार्रवाई करने की बात भी कही है। बेटियों की पढ़ाई, महिलाओं को आगे बढ़ाना, युवाओं को रोजगार और देश को नए सपने को दिखाने की बात भी वीडियो में कही गई है।
नव मतदाता सम्मेलन में आज पहली बार वोट डालने जा रहे युवा मतदाताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह दुनिया के किसी भी राजनेता के लिए पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में पहली बार वोट डालने जा रहे मतदाताओं से बात कर रहे हैं। देश के 5000 विभिन्न केंद्रों से युवा मतदाताओं से मोदी के जुड़ने का रहस्य 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में देखा जा सकता है, जब इन्हीं युवा मतदाताओं ने मोदी को अपनी सबसे पहली पसंद बताते हुए उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिये वोट किया था। इस बार भी भाजपा युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
2014 के लोकसभा चुनाव में 'अबकी बार, मोदी सरकार' का नारा और 'मैं देश नहीं झुकने दूंगा' थीम सॉन्ग बहुत लोकप्रिय हुआ था। प्रसून जोशी के लिखे थीम सॉन्ग को पार्टी नेता अरुण जेटली ने जारी किया था। यह लोगों की जुबान पर चढ़ गया था। माना जाता है कि इस थीम सॉन्ग ने बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित किया था। फ्लोटर वोटरों के बीच भी इसका अच्छा खासा प्रभाव हुआ था।
2019 की लोकसभा चुनाव में पार्टी नेता अरुण जेटली ने 'फिर एक बार, मोदी सरकार', 'साफ, स्वच्छ, ईमानदार सरकार' का नारा और थीम सॉन्ग जारी किया था। इसका भी मतदाताओं पर काफी अच्छा असर पड़ा था और पार्टी 303 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी। अब 2024 का थीम सांग कितना असर दिखाता है, यह चुनाव के बाद ही पता चलेगा। भाजपा ने इस बार लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।