{"_id":"6891c1407db74488d809f7b8","slug":"bjp-leader-suvendu-adhikari-s-convoy-attacked-in-bengal-s-cooch-behar-latest-news-update-2025-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Suvendu Adhikari: कूचबिहार में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला; तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Suvendu Adhikari: कूचबिहार में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला; तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप
Tue, 05 Aug 2025 02:00 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Tue, 05 Aug 2025 02:00 PM IST
सार
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कूचबिहार जिले में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर 'वापस जाओ' के नारे लगाए और अधिकारी के वाहन पर जूते फेंके।
विज्ञापन
शुभेंदु अधिकारी, भाजपा नेता
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कूचबिहार जिले में हमले की खबर है। बताया गया कि एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु के काफिले पर हमला किया। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को सुनियोजित नाटक करार दिया। कूचबिहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर भाजपा के प्रदर्शन का नेतृत्व करने उत्तर बंगाल जिले गए अधिकारी को नारेबाजी का सामना करना पड़ा। उन्हें खगराबाड़ी इलाके के पास काले झंडे दिखाए गए।
विज्ञापन
भाजपा नेताओं के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस पार्टी के झंडे और काले झंडे लिए एक भीड़ दोपहर करीब 12.35 बजे खगराबाड़ी चौराहे पर जमा हो गई, जब अधिकारी का काफिला इलाके से गुजर रहा था। कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों ने 'वापस जाओ' के नारे लगाए और उनकी गाड़ी पर जूते फेंके। उनके काफिले की कम से कम एक कार की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जिसमें एक पुलिस एस्कॉर्ट वाहन भी शामिल था।
विज्ञापन
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले में पार्टी विधायकों पर हाल ही में हुए हमलों के विरोध में कूचबिहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने की योजना बनाई थी। विधानसभा में विपक्ष के नेता इस दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक से मिलने वाले थे। भाजपा ने इस हमले के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और दावा किया कि यह विपक्ष के नेता को डराने की एक पूर्व नियोजित कोशिश थी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि इस तोड़फोड़ में कोई भी तृणमूल कार्यकर्ता शामिल नहीं था और यह हमला भाजपा के आंतरिक कलह का नतीजा था।
विज्ञापन
घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं
घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में प्रदर्शनकारियों की ओर से काफिले में शामिल वाहनों पर तृणमूल कांग्रेस के झंडे लहराते हुए और भीड़ से जूते फेंकते हुए देखा जा सकता है। इस घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिला प्रशासन और पुलिस ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
टीएमसी ने क्या कहा?
कूचबिहार में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में 'भाषा आंदोलन' आयोजित किया। स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने अधिकारी के एसपी कार्यालय तक मार्च की योजना के जवाब में विरोध कार्यक्रमों की घोषणा की थी। टीएमसी की कूचबिहार इकाई ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कूचबिहार में 19 जगहों पर धरना दिया गया। इनमें से एक जगह कूचबिहार का खगराबाड़ी था, जहां शुभेंदु अधिकारी के काफिले के आसपास विरोध प्रदर्शन हुआ।