Odisha: ‘PM मोदी के भक्त हैं जगन्नाथ’, बयान पर चौतरफा घिरे संबित पात्रा; CM पटनायक और केजरीवाल ने साधा निशाना
Odisha: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संबित पात्रा के बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने अपील की है कि राजनीति के लिए भगवान जगन्नाथ के नाम का इस्तेमाल न करें।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के बीच नेताओं की बयानबाजियों का दौर भी जारी है। अब ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पुरी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी संबित पात्रा पर निशाना साधा है। दरअसल हाल ही में संबित पात्रा की जुबान फिसल गई थी। उन्होंने भगवान जगन्नाथ को पीएम मोदी का भक्त बता दिया। अब सीएम पटनायक ने भाजपा से भगवान जगन्नाथ के नाम राजनीति न करने का अनुरोध किया है। हालांकि संबित पात्रा ने स्पष्ट किया है उनकी जुबान फिसल गई थी। भाजपा नेता के अनुसार वह यह कहना चाहते थे कि प्रधानमंत्री मोदी भगवान जगन्नाथ के भक्त हैं।
नवीन पटनायक का संबित पात्रा पर निशाना
नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ओडिशा के लोगों की अस्मिता पर चोट करने का आरोप लगाते हुए संबित पात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा ‘महाप्रभु श्री जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं। महाप्रभु को किसी अन्य इंसान का भक्त कहना भगवान का अपमान है। यह पूरी तरह से निंदनीय है। इससे जगन्नाथ के करोड़ों भक्तों की आस्था पर ठेस पहुंची है। भगवान जगन्नाथ ओडिशा के लोगों की अस्मिता के सबसे बड़े प्रतीक हैं। मैं इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं और भाजपा से अपील करता हूं कि वह भगवान के नाम पर राजनीति न करें।’
संबित पात्रा ने दी सफाई
उधर संबित पात्रा ने भी सीएम पटनायक द्वारा एक्स पर की गई पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम सभी की जुबान कभी-कभी फिसल जाती है। पात्रा ने कहा कि उन्होंने कई मीडिया चैनलों से बात की और, हर जगह कहा कि पीएम मोदी जगन्नाथ महाप्रभु के भक्त हैं। उन्होंने कहा ‘एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान मैंने गलती से इसके विपरीत कहा। आप भी जानते हैं कि हम सभी की जुबान कभी-कभी फिसल जाती है। इसलिए इस अस्तित्वहीन मुद्दे को बड़ा मुद्दा न बनाएं।’
गलती का एहसास हुआ- तीन दिनों का उपवास करेंगे
मामला तूल पकड़ने पर पात्रा ने कहा कि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो चुका है और वे पश्चाताप करने के लिए तीन दिनों का उपवास करेंगे। उन्होंने कहा, वे कई चैनलों पर सफाई दे चुके हैं। बकौल संबित पात्रा, 'पीएम नरेंद्र मोदी महाप्रभु जगन्नाथ के परम भक्त हैं...जब भीड़भाड़ वाली जगह पर एक चैनल ने मेरी बाइट ली वहां, बहुत शोर-शराबा हो रहा था। मैंने अनजाने में ही उल्टा बोल दिया कि महाप्रभु पीएम नरेंद्र मोदी के भक्त हैं।' यह कभी सच नहीं हो सकता और कोई इंसान अपने होश में रहकर ऐसी बातें कह ही नहीं सकता। उन्होंने कहा, कई लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची होगी। अनजाने में की गई गलतियों को भगवान भी माफ कर देते हैं... मुझे इस गलती के लिए महाप्रभु जगन्नाथ से माफी मांगनी है और इसलिए उन्होंने तीन दिनों का 'उपवास' करने का फैसला किया है।
#WATCH | Bhubaneswar, Odisha: On his statement, BJP candidate from Puri Lok Sabha seat, Sambit Patra says, "Today, a statement made by me had created a controversy. After PM Narendra Modi's roadshow in Puri, I gave byte to many media channels and everywhere I said the same thing,… pic.twitter.com/Ew2EXfnxKm
— ANI (@ANI) May 20, 2024
केजरीवाल ने की कड़ी निंदा
उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी संबित पात्रा के बयान की निंदा की है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा ‘मैं भाजपा नेता के बयान की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने सोचना शुरू कर दिया है कि पीएम मोदी भगवान से ऊपर हैं। यह अहंकार की पराकाष्ठा है।’ ओडिशा के कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार ने भी भाजपा नेता के बयान की निंदा की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश और ओडिशा के लोग भगवान जगन्नाथ के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे।