फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   bengal governor jagdeep dhankhar press conference live updates mamata nadda vijayvargiya tmc bjp law and order

बंगाल: नड्डा पर हमले में सात गिरफ्तार, राज्यपाल की चेतावनी- संविधान का पालन नहीं हुआ तो मेरा रोल शुरू होगा

Fri, 11 Dec 2020 04:59 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता Published by: Sneha Baluni Updated Fri, 11 Dec 2020 04:59 PM IST
विज्ञापन
bengal governor jagdeep dhankhar press conference live updates mamata  nadda vijayvargiya tmc bjp law and order
जगदीप धनखड़-ममता बनर्जी (फाइल फोटो) - फोटो : Twitter

पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर शुक्रवार को राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राज्यपाल धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को संविधान का पालन करना होगा। वह अपने रास्ते से नहीं भटक सकती हैं। राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति लंबे समय से लगातार बिगड़ रही है। राज्यपाल ने कहा कि भारत के संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। यदि मुख्यमंत्री अपने रास्ते से भटकेंगी तो मेरा रोल शुरू हो जाएगा। ताजा जानकारी के अनुसार, इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन


वहीं, इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने गृह सचिव अजय भल्ला को पत्र लिखकर कहा है कि, रेंज के डीआई (पुलिस) व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए क्षेत्र में तैनात थे। डायमंड हार्बर स्थल पर 4 अतिरिक्त एसपी, 8 डीएसपी, 14 इंस्पेक्टर, 70 एसआई/ एएसआई, 40 आरएएफ के जवान, 259 कांस्टेबल और सहायक बलों के 350 सदस्यों को तैनात किया गया था। इस संबंध में तीन मामले पहले से ही दर्ज हैं, जबकि उनमें से 2 विशेष रूप से बर्बरता के लिए हैं। इन दो मामलों में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन

 
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले को लेकर राज्यपाल ने कहा कि कल हुई घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ये हमारे लोकतांत्रिक ताने-बाने पर एक धब्बा है। मैंने केंद्र सरकार को बेहद परेशान करने वाले घटनाक्रमों के बारे में एक रिपोर्ट भेजी है, जिसकी विषयवस्तु साझा नहीं कर सकता हूं।

नड्डा के काफिले पर हमले में सात गिरफ्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर बृहस्पतिवार को हुए हमले के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले में चार लोगों को फाल्ता थाना क्षेत्र तथा तीन लोगों को उश्ती थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सातों व्यक्तियों को दंगा, लोकसेवक के काम में बाधा डालने सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

नड्डा के काफिले पर बृहस्पतिवार की सुबह तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं ने तब हमला किया था जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने दक्षिण 24 परगना जिला स्थित डायमंड हार्बर जा रहे थे। भगवा दल के सूत्रों ने दावा किया कि हमले में वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई नेता घायल हो गए। हमले के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ दो स्वत: संज्ञान मामले दर्ज किए गए थे।

संघीय ढांचे से खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार: कल्याण बनर्जी

भाजपा अध्यक्ष नड्डा पर हुए हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र भेजकर केंद्र सरकार जो कर रही है, वह असंवैधानिक है। भाजपा और केंद्र सरकार संघीय ढांचे में हस्तक्षेप की स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं।

भड़काऊ भाषणों से माहौल खराब हो रहा: कल्याण बनर्जी
सांसद कल्याण बनर्जी ने इस दौरान यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंगाल सरकार को पत्र भेजकर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तलब किया है, यह संघीय ढांचे में हस्तक्षेप है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष के भड़काऊ भाषणों से माहौल खराब हो रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ अपराधी और भाजपा के हथियारबंद लोग थे।

बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल

राज्यपाल धनखड़ ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा, 'राज्य में कौन बाहरी है, उनका इससे क्या मतलब है? क्या भारतीय नागरिक भी बाहरी हैं, ममता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। मुख्यमंत्री को आग से नहीं खेलना चाहिए। बाहरी कहना संविधान का अपमान है। बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल है। ममता संविधान के हिसाब से काम करें।'

संविधान का पालन करें ममता
राज्यपाल ने कहा, 'ममता बनर्जी को संविधान के हिसाब से काम करना चाहिए। ममता से विनती है कि वो संविधान का पालन करें। यदि ममता भटकेंगी तो मेरे दायित्व की शुरुआत होगी। संविधान की आत्मा पर और कितना हमला होगा। संविधान की आत्मा का ध्यान रखें, भारत एक है उसका नागरिक एक है। मुझे विश्वास है कि ममता मेरी बात पर ध्यान देंगी।'

बंगाल के लोगों की रक्षा करना मेरा कर्तव्य

राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है। भारत के संविधान की रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। सरकारी तंत्र का राजनीतिकरण हो रहा है। क्या ये लोकतंत्र की हत्या नहीं है। ऐसे प्रशासन पर मुझे शर्म आती है। मैं बंगाल में शांति चाहता हूं।

मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है
भाजपा नेताओ पर हुए हमले का जिक्र करते हुए राज्यपाल धनखड़ ने कहा, 'मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है। कल हुआ हमला लोकतंत्र पर धब्बा है और बेहद शर्मनाक है। बंगाल में संविधान की मर्यादाएं टूट रही हैं। बंगाल में पुलिस प्रशासन फेल हो गया है। बेलगाम ढंग से कल लोग सड़कों पर उतरे थे। मैंने कल हुए हमले को लेकर डीजीपी को जानकारी दी थी। ममता को कल की घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्हें भाजपा अध्यक्ष पर दिए अपने बयान को वापस लेना चाहिए। वे बदले की भावना से काम कर रही हैं।'


 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed