‘या तो मुझे पागलखाने भेजो या फिर पीएम बनाओ’
- आजम खान ने कहा- मैं खुद कहता हैं कि मैं बहुत अच्छा पीएम बनूंगा।
- एक मुस्लिम देश का राष्ट्रपति बनाया जा सकता है तो प्रधानमंत्री क्यों नहीं?
विस्तार
अपने सख्त तेवर और बेबाक बोल के लिए पहचाने जाने वाले नगर विकास मंत्री आजम खां इस बार खुद को प्रधानमंत्री के तौर पर एक बेहतर शासक होने का दावा किया है। उन्हें प्रदेश का डिप्टी सीएम बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम ही क्यों, पीएम बनाओ।
कहा, मैं खुद कहता हैं कि मैं बहुत अच्छा पीएम बनूंगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कमी है मुझमें, सिर्फ इसलिए कि मैंने कभी चाय नहीं बेची या इसलिए कि मैं मुसलमान हूं। आजम कहा कि मुस्लिम देश का राष्ट्रपति बनाया जा सकता है तो प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनाया जा सकता।
उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दिनों मुझे पाकिस्तान चले जाने की नसीहत दी गई। इस पर उन्होंने कहा कि वे 350 रुपये मासिक फीस में बच्चों को सीबीएसई बोर्ड की बेहतर शिक्षा दे रहे हैं।
एक और स्कूल शुरू करने वाले हैं, इसकी फीस मात्र 20 रुपये प्रति माह होगी, इसके बावजूद मुझ पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसलिए मैं कह रहा हूं कि या तो मुझे पागलखाने भेज दो या फिर पीएम बनाओ।
‘हम प्यार करें तो लव जेहाद’
आजम खां ने साध्वी प्राची पर कड़े व्यंग्य किए हैं। विहिप नेता अरुण माहौर की श्रद्धांजलि शोकसभा में आजम खां के खिलाफ रोष व्यक्त करने वाली साध्वी प्राची को आजम ने व्यंग्यात्मक लहजे में जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि हम तो उनसे बहुत प्यार करते हैं, पता नहीं वो क्यों हमसे इतनी नफरत करती हैं। वे यहीं नहीं रुके कहा, अब हमने ये कह दिया कि हम प्यार करते हैं तो कहेंगी कि लव जेहाद हो गया।
चेहरे पर मुस्कान बिखरते हुए आजम बोले, हम किसी से प्यार नहीं कर सकते। वो हमसे इतनी घृणा क्यों करती हैं। इसके बाद वे संघ परिवार को नसीहत देना नहीं भूले। कहा कि जितने भी कुंवारे-कुंवारियां हैं इन सबकी शादी कराओ, फ्रस्टेशन खत्म हो जाएगा।
विहिप नेता अरुण माहौर हत्याकांड पर सीधा जवाब देने से नगर विकास मंत्री बचते रहे। उन्होंने कहा कि हत्या के कारण हमसे मत पूछो। संगीत सोम बताएंगे उनकी हत्या के कारण। बता दें कि संगीत सोम सरधना (मेरठ) से भाजपा विधायक हैं।