पूर्व सपा प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक व टीम पर हमला, दौड़ाकर पीटा, गाड़ियों में तोड़फोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़ में हरदुआगंज पुलिस मुठभेड़ में मारे गए छह सिलसिलेवार हत्याओं के आरोपी बदमाश मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मिलने पहुंचीं सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष अमरेश मिश्रा और उनकी टीम पर शनिवार दोपहर भीड़ ने हमला बोल दिया।
पथराव करते हुए सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर फूंकने की कोशिश की गई। भीड़ ने उनके कपड़े तक फाड़ डाले। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को किसी तरह बचाकर वहां से निकाला। हमले में सभी लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
मुठभेड़ में मारे गए छह हत्याओं के आरोपियों के परिजनों से मुलाकात करने गई थीं पाठक
शनिवार दोपहर करीब दो बजे सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक व अन्य ने अतरौली पहुंचकर मुठभेड़ में मारे गए मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मुलाकात की। इसी दौरान बजरंग दल से जुड़े लोग वहां पहुंचे और एतराज जताते हुए कहा कि जिन छह लोगों की हत्याएं इन बदमाशों द्वारा की गई क्या कोई नेता उनके परिजनों से मिला। इस बात पर कहासुनी के बाद वहां मौजूद भीड़ भड़क गई।
लोगों का आक्रामक रुख देखकर पंखुड़ी पाठक और उनके साथी जान बचाकर वहां से भागने लगे। इस पर लोगों ने सभी को दौड़ा दौड़ाकर जमकर पीटा। पंखुड़ी पाठक से भी जमकर धक्का-मुक्की व हाथापाई की गई। ये लोग जब गाड़ियों में बैठकर जाने लगे तो लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश करने लगे। कुछ स्थानीय दुकानदारों ने किसी तरह पंखुड़ी पाठक को भीड़ से बचाया।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची मगर संख्याबल कम होने के चलते भीड़ का सपा नेता पर हमला जारी रहा। इस पर सीओ प्रशांत सिंह, सीओ बरला एके चौधरी भारी मात्रा में फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने जैसे तैसे उनकी गाड़ियों को वहां से निकलवाया।
शहर में मची भगदड़, धड़ाधड़ गिरे शटर
दो समुदायों की बीच झगड़े की अफवाह उड़ने से शहर में भगदड़ मच गई। वैसपाड़ा से लेकर राठी चौराहा व कॉलेज रोड तक की दुकानों के धड़ाधड़ शटर गिरने लगे। लोगों ने अपने घरों में खुद को कैद कर लिया। बाद में पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई तब जाकर बाजार खुला। माहौल में तनाव और झगड़े की संभावना को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.