बंगाल में धार्मिक नेता अब्बास सिद्दीकी से मिले ओवैसी, कहा- जरूर लड़ेंगे आगामी चुनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रविवार को हुगली जिले के फुरफुरा शरीफ पहुंचे और वहां वे मुस्लिम नेता अब्बास सिद्दीकी के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा की।
मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि मैं आज अब्बास सिद्दीकी से मिला और हमारी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में निश्चित रूप से भाग लेगी। हमारी पार्टी उन फैसलों के साथ खड़ी होगी जो अब्बास सिद्दीकी द्वारा उठाए जाएंगे।
बता दें कि राज्य में चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद ओवैसी की पश्चिम बंगाल की यह पहली यात्रा है। एआईएमआईएम के राज्य सचिव ज़मीरुल हसन ने कहा कि ओवैसी बैठक को गुप्त रखना चाहते थे क्योंकि हमें आशंका थी कि राज्य सरकार कहीं उन्हें हवाई अड्डे से बाहर निकलने से रोक दे। वह कोलकाता हवाई अड्डे से अब्बास सिद्दीकी से मिलने के लिए सीधे हुगली गए।
गौरतलब है कि फुरफुरा शरीफ धार्मिक नेता सिद्दीकी राज्य सरकार के खिलाफ बयान देते रहते हैं। जानकारी के अनुसार सिद्दीकी खुद का एक अल्पसंख्यक संगठन शुरू करने की कवायद शुरू कर दी है।
'अपनी हार और राज्य में भाजपा के उदय पर मंथन करे तृणमूल'
ओवैसी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को उनके संगठन पर आरोप लगाने के बजाए खुद का आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और देखना चाहिए कि किस तरह से भाजपा ने राज्य में 18 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के इन दावों को खारिज कर दिया कि उनकी पार्टी भाजपा की बी-टीम है और भगवा दल के विरोधी वोट में सेंध लगाएगी।
ओवैसी ने कहा, ‘हम राजनीतिक दल हैं, हम अपनी उपस्थिति साबित करेंगे और चुनाव लड़ेंगे (पश्चिम बंगाल में)।’ उन्होंने कहा, ‘... भारत की सियासत का मैं लैला हूं और मेरे मजनू बहुत हैं, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’ बाद में एक समाचार चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि यह अकेले चुनाव लड़ेगी या किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन करेगी।
बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग की जीत में एआईएमआईएम द्वारा सहयोग करने के तृणमूल के दावे को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य में उनकी पार्टी ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से उसने पांच सीटों पर जीत हासिल की और महागठबंधन ने नौ सीटों पर जीत हासिल की, जबकि राजग ने छह सीटें जीतीं।
उन्होंने दावा किया कि फुरफुरा शरीफ के ‘पीरजादा’ सिद्दीकी का उन्हें समर्थन हासिल है। बंगाल के हुगली जिले में फुरफुरा शरीफ विख्यात दरगाह है। ओवैसी ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा के पक्ष में क्या रहा। पार्टी को विश्लेषण करना चाहिए कि उसके सदस्य क्यों छोड़ रहे हैं...।’