सेना के मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा द्विवेदी हत्या मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी मेजर निखिल राय हांडा ने कथित तौर पर फेसबुक पर एक नकली अकाउंट बनाया था। पुलिस का दावा है कि इस अकाउंट के जरिए आरोपी ने शैलजा से साल 2015 में दोस्ती की थी। उस समय आरोपी की पोस्टिंग श्रीनगर में थी।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी मेजर के दो फोन की जांच की। जिससे पता चला कि वह सोशल मीडिया पर दो अकाउंट चलाता है। जिसमें एक असली है और उसने बताया कि वह सेना में अधिकारी है। वहीं दूसरी नकली अकाउंट में उसने खुद को दिल्ली का एक व्यापारी बताया है। पुलिस का दावा है कि वह नकली अकाउंट के जरिए दूसरी महिला के साथ भी बात करता है। उसकी कॉल रिकॉर्ड्स को खंगालने के बाद पुलिस को पता चला कि शैलजा के अलावा वह दिल्ली की रहने वाली तीन महिलाओं के भी संपर्क में था। जिन्हें अब पुलिस ने अपने बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी ने पहली बार एक कॉमन फ्रेंड की टाइमलाइन पर बार शैलजा की तस्वीर देखी थी। जिसके बाद उसने 2015 में शैलजा के साथ बातचीत शुरू की थी और उसे अपनी असल पहचान 6 महीने बाद बताई थी। इसके बाद दोनों ने मिलने का निर्णय लिया। सूत्रों का दावा है, इसी बीच उसका मेरठ ट्रांसफर कर दिया गया जबकि परिवार साकेत में रह रहा था। लेकिन उसने नगालैंड के दीमापुर ट्रांसफर किए जाने की विनती की। जहां दोनों मिलने लगे। शैलजा ने इसके बाद हांडा की मुलाकात अपने पति अमित से करवाई। जिसके बाद वह उनके घर हाउस पार्टियों के लिए आने लगा।
पुलिस के अनुसार जब हांडा कुछ ज्यादा शैलजा की जिंदगी में दखल देने लगा तो उसने उसकी शिकायत वरिष्ठ सेना अधिकारियों से करने की धमकी थी और उसे खुद से दूर रहने के लिए कहा। आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि दो हफ्ते पहले उसने कहा था कि वह उसका कोर्ट मार्शल हो इसे सुनिश्चित करेगी। जिसके बाद शनिवार को उसने आर्मी बेस कैंप में शैलजा को मिलने के लिए बुलाया जहां उसका बेटा भी भर्ती है। दोनों के बीच कार में झगड़ा हुआ जिसके बाद उसने द्विवेदी का गला काट दिया और उसे कार से नीचे गिराकर उसे दो बार कार से कुचल दिया।
पत्नी ने कहा- हमारा खुशहाल परिवार था - आरोपी मेजर हांडा की पत्नी ने जांच में पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ दिनों तक अपने पति पर किसी के साथ अफेयर होने को लेकर शक हुआ था लेकिन पति किसी तरह उसे मनाने में सफल रहे थे। पत्नी ने बताया कि उन्हें अपने पति पर पूरा भरोसा था। हांडा की पत्नी ने पुलिस को बताया कि हम दोनों में कुछ भी गलत नहीं था। हमारा एक खुशहाल परिवार था।