मिशन बंगाल Live: अमित शाह ने कहा- सुभाष बाबू ने देश के लिए दिखाया अदम्य साहस
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही महीनों का समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां यहां कड़ी मेहनत करके अपनी सरकार बनाने का सपना देख रही हैं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जहां अपना गढ़ बचाने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। वहीं भाजपा को यहां सरकार बनाने का पूरा विश्वास है। यही कारण है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हर महीने बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को शाह के बंगाल दौरे का दूसरा दिन है। उन्होंने आज राष्ट्रीय पुस्तकालय में 'शौर्यंजलि कार्यक्रम' में हिस्सा लिया।
पुस्तकालय में उन्होंने बिप्लब बंगला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान गृह मंत्री ने बंगाल की महान हस्तियों को भी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए कहा कि सुभाष बाबू के संस्कार हमेशा प्रेरणादायी रहे हैं। उनकी संघर्षगाथा को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने देश के लिए अदम्य साहस दिखाया था। सुभाष बाबू ने अंग्रेजों की नौकरी ठुकराई थी।
सुभाष चंद्र बोस को किया याद
शाह ने कहा, 'सुभाष बाबू को देश की जनता इतने वर्ष के बाद भी इतने ही प्यार और सम्मान से याद करती है जितना वो जीवित थें और संघर्ष करते थे उस तरह ही याद करती थी। बहुत प्रयास किए गए कि सुभाष बाबू को भुला दिया जाए, परंतु उनका कर्तव्य, देशभक्ति और उनका सर्वोच्च बलिदान शायद कोई कितना भी प्रयास करे, पीढ़ियों तक भारत वासियों के जहन में जस का तस रहने वाला है। मैं देश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि आपको सुभाष चंद्र बोस के जीवन के बारे में पढ़ना चाहिए। उनकी जीवन यात्रा आपको बहुत कुछ सिखाएगी। सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती को चिह्नित करने के लिए प्रधानमंत्री के तहत एक समिति का गठन किया गया है। मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि सुभाष बाबू की 125वीं जयंती के कार्यक्रम एक वर्ष तक चलेंगे। देश के युवा इन कार्यक्रमों की श्रृंखला के साथ जुड़ें। ये कार्यक्रम देशभर में चलेंगे।'
I want to say to the youth of the country that you should read about the life of Subhas Chandra Bose. His life journey will teach you a lot. A committee has been constituted under the PM to mark the 125th birth anniversary of Subhas Chandra Bose: Union Home Minister Amit Shah pic.twitter.com/HU8KzNcXRO
— ANI (@ANI) February 19, 2021
देश के इतिहास को समझने वाले युवा बना सकते हैं भविष्य
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश का भविष्य वही युवा पीढ़ी बना सकती है, जो देश के इतिहास को समझती है, जो देश के लिए बलिदान देने वालों के प्रति दिल में सम्मान रखती है। जो देश के इतिहास की सारगर्भिता को आत्मसात करती है। उन्होंने कहा, 'हम लोगों के भाग्य में देश के लिए मरना नहीं है, मगर देश के लिए जीना ईश्वर ने हम पर छोड़ा है। जिन्होंने देश के लिए अपनी जान का बलिदान दिया, उनका स्मरण करके हम बाकी का जीवन देश के लिए जीना तय कर दें तो उनके बलिदान को इससे बड़ी श्रद्धांजलि कोई नहीं हो सकती है।'
यश दासगुप्ता ने अमित शाह से की मुलाकात
बंगाली अभिनेता यश दासगुप्ता जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं उन्होंने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।