कोरोना: केरल, महाराष्ट्र में केस बढ़ने के बाद तमिलनाडु ने बढ़ाई सीमा पर सुरक्षा, शिशुओं को मुफ्त टीका लगाएगी सरकार
देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच इस बीमारी के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु में कोरोना के मरीजों की संख्या में वद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में तमिलनाडु सरकार अलर्ट हो गई है और राज्य की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है।
विस्तार
चिकित्सा जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर भी आ सकती है। इसी बीच केरल में कोरोना के मामले बढ़ने की खबर सामने आ रही है। ताजा जानकारी के अनुसार केरल में 24 घंटे के भीतर 17,518 केस सामने आए हैं। वहीं महाराष्ट्र में भी 6,753 कोरोना के मामले दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे में देश भर में कुल 39,097 नए कोविड मामले सामने आए हैं। इन राज्यों में कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़ने के बाद तमिलनाडु सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
शिशुओं को मुफ्त में लगाई जाएगी वैक्सीन
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम ने शनिवार (24 जुलाई) को कहा कि केरल में कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़ने के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सीमा चौकियों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि चेन्नई के एग्मोर गवर्नमेंट चिल्ड्रन हॉस्पिटल में शिशुओं के लिए न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सभी शिशुओं को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा, 'हमारे पास स्टॉक में 7 हजार न्यूमोकोकल कंजुगेट (पीसीवी) टीके हैं। हम सरकारी अस्पतालों में सभी शिशुओं का मुफ्त में टीकाकरण करेंगे।'
Tamil Nadu has rolled out Pneumococcal conjugate vaccine for infants at Chennai's Egmore Govt Children's Hospital
— ANI (@ANI) July 24, 2021
We have 7000 Pneumococcal conjugate vaccines in stock. We'll vaccinate all infants for free at government hospitals, says State Health Minister Ma Subramanian pic.twitter.com/QeJAiDdRVs
तमिलनाडु में कोरोना के 1,830 केस आए सामने
ताजा जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में तमिलनाडु में कोरोना के 1,830 केस सामने आए हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में कुल मामलों में से 76.13 फीसद मामले सिर्फ पांच राज्यों में आए हैं। सबसे ज्यादा मामले केरल में 44.81 फीसद मिले हैं। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना से 167 जबकि केरल में 132 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में 3,05,03,166 लोग कोरोना पॉजिटिव होने के बाद स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में कुल 35,087 कोविड मरीज स्वस्थ हुए हैं।