आज के दिन: प्रधानमंत्री मोदी आज से सिक्किम के दौरे पर, भारत-न्यूजीलैंड के बीच होगा मुक्त व्यापार समझौता
नमस्कार! आज है सोमवार, 27 अप्रैल । इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 27 अप्रैल 2026 को वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के दौरे पर रहेंगे। वहीं, भारत और न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।
राष्ट्रपति का शिमला दौरा
शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार से शिमला की यात्रा पर रहेंगी। उनकी यह यात्रा 2 मई तक चलेगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति शिमला, छराबड़ा, पालमपुर और लाहौल क्षेत्र में विभिन्न आधिकारिक व औपचारिक आयोजनों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति 29 अप्रैल को सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण करेंगी। 30 अप्रैल को पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान वह मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां और पदक प्रदान करेंगी। 30 अप्रैल को ही राष्ट्रपति का आर्मी ट्रेनिंग कमांड शिमला का दौरा भी प्रस्तावित है। यहां वह सेना की प्रशिक्षण गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
प्रधानमंत्री का सिक्किम दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम जाएंगे और 4,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी सिक्किम को बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम नामची के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। एनआईटी देओराली में 30 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर
भारत और न्यूजीलैंड सोमवार को मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इस समझौते के तहत भारत के निर्यातकों को भी न्यूजीलैंड के बाजार में 100 प्रतिशत उत्पादों पर शून्य शुल्क (जीरो ड्यूटी) के साथ पहुंच मिलेगी। वहीं, न्यूजीलैंड के 95 प्रतिशत निर्यातित उत्पादों पर भारत शुल्क कम या समाप्त करेगा। इनमें ऊन, कोयला, लकड़ी, वाइन, एवाकाडो और ब्लूबेरी जैसे उत्पाद शामिल हैं। यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसके तहत अगले 15 वर्षों में करीब 20 अरब डॉलर का निवेश आने की उम्मीद है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का राजस्थान दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर आएंगे। टोंक में जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें पार्टी की आंतरिक संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी चुनावों की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र
हरियाणा सरकार ने सोमवार को विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज (भर्ती और सेवा शर्तें) विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा। हरियाणा सरकार छह साल में तीन विशेष सत्र बुला चुकी है। इनमें एक सत्र में सीएम नायब सिंह सैनी ने विश्वास मत हासिल किया था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में ओबीसी आरक्षण पर सुनवाई
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में ओबीसी आरक्षण पर सोमवार से तीन दिन नियमित सुनवाई होगी। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जस्टिस विनय सराफ की ने नियमित सुनवाई के तीन दिनों पहले तक याचिका के संबंधित सभी दस्तावेज हाईकोर्ट में प्रस्तुत करने के निर्देश सभी पक्षकारों को दिए हैं। पीठ सभी संबंधित पक्षकारों के अधिवक्ता को निर्देशित किया है कि वह नियमित सुनवाई के दौरान उपस्थित रहें। कुछ याचिकाओं में फार्मूला 87:13 को चुनौती देते हुए 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर आपत्ति की गई थी। पक्ष में दायर की गई याचिकाओं में आबादी के अनुपात में आरक्षण की मांग की गई थी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आईपीएल में दिल्ली और बंगलूरू के बीच मुकाबला
आईपीएल में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के बीच मुकाबला होगा। यह मैच शाम 7:30 से दिल्ली में शुरू होगा।