UP Board Exam आज से शुरू, एडमिट कार्ड के साथ यह दस्तावेज लाना जरूरी, वरना नहीं दे पाएंगे परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। 197 केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर के 147509 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे। हर परीक्षार्थी को पहचान पत्र के साथ रजिस्ट्रेशन कार्ड और प्रवेश पत्र लाना होगा। इसे दिखाने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा दो पालियों में हो रही है। पहली पाली में हाईस्कूल की प्रारंभिक हिंदी तो दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की सामान्य हिंदी की परीक्षा हो रही है। छह मार्च को परीक्षाओं का समापन होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि परीक्षा में नकल पर नकेल कसने के लिए जिले में पहली बार सभी केंद्रों की लाइव मॉनीटरिंग होगी।
हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं पांच उड़ाका दल नकलचियों पर लगाम कसने के लिए परीक्षा केंद्रों का औचक मुआयना कर रहे हैं। हर टीम में दो पुरुष, एक महिला के साथ एक प्रभारी शामिल रहेंगे। नकल विहीन परीक्षा के लिए केंद्रों के पर्यवेक्षण और निगरानी की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट की होगी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र के साथ विद्यालयों को डेस्क स्लिप भेजी जा चुकी है। परीक्षार्थियों को केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका में वांछित जानकारी को भरने के लिए दिया जाएगा।
56 मजिस्ट्रेट के हाथों में होगी निगरानी
बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी के लिए 56 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में नौ जोनल, 22 सेक्टर और 25 स्टेटिक मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। साथ ही पांच फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम औचक निरीक्षण के लिए मौजूद रहेगी। 197 केंद्रों में से 19 संवदेनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्रों की सूची में डाला गया है। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी की जाएगी।
परीक्षा में खास
- परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में बंद रहेंगी फोटोकॉपी की दुकानें
- परीक्षा के दौरान केंद्र के पास लाउडस्पीकर नहीं बजने दिया जाएगा
- धारा 144 लागू रहेगी। बेवजह भीड़ एकत्र होने से रोका जाएगा।
- परीक्षा केंद्र में शौचालयों की साफ-सफाई जरूरी
- केंद्रों पर आधा घंटा पहले पहुंचेंगे केंद्राध्यक्ष
- परीक्षार्थियों की किताबें जमा कराने के लिए प्रभारी तैनात
- नकल कराई तो रासुका लगाया जाएगा
- गलती से खुल जाए प्रश्नपत्र का बंडल तो दें सूचना
ये लेकर आएं
‘बी कॉपियों’ का रंग नीला और हरा
परीक्षा में नकलचियों पर लगाम कसने के लिए इस बार एक और पहल की गई है। इसके तहत 10 वीं और 12वीं की ‘बी कॉपियों’ में पहले ‘ए कॉपी’ की ही तरह कोडिंग लागू कर दी गई है। इनके रंग को भी नीला और हरा कर दिया गया है। हाईस्कूल की ‘बी कॉपियों’ के रंग को काला से नीला और इंटर की कॉपियों को लाल से हरा कर दिया गया है।
प्रवेश पत्र पर ‘बार कोड’
यूपी बोर्ड परीक्षा में ‘मुन्ना भाइयों’ के प्रवेश को रोकने के लिए बोर्ड ने पहली बार एडमिट कार्ड पर भी बार कोड लगाया है। इससे अब कोई अन्य व्यक्ति किसी परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा नहीं दे सकेगा। बार कोड स्कैन करने पर परीक्षार्थी की फोटो, अनुक्रमांक, विद्यालय का नाम, परीक्षा केंद्र के साथ ही विद्यालय के कोड को भी साफ तौर पर देखा जा सकेगा।
फैक्ट फिगर
कुल परीक्षार्थी - 147509
परीक्षा केंद्र - 197
हाईस्कूल
बालक- 41136
बालिका - 37650
कुल - 78886
इंटर
बालक -37339
बालिका - 31284
कुल - 68623
दो कंट्रोल रूम
परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए दो कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पहला जिलाधिकारी कार्यालय तो दूसरा राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बना है। जुबिली में 14 कर्मचारी 197 केंद्रों की लाइव मॉनीटरिंग करेंगे। सभी केंद्रों को राउटर के माध्यम से जोड़ दिया गया है।