टी-शर्ट से रंगीन शर्ट तक: राहुल गांधी का बदला फैशन सेंस, क्या ये Gen Z से कनेक्शन की है कोई नई कोशिश?
सफेद टी-शर्ट से नीली, गुलाबी और पीली शर्ट तक राहुल गांधी का बदला अंदाज चर्चा में है। ‘छात्रों की गूंज’ के मंच से युवाओं के बीच पहुंच बना रहे राहुल का यह नया रंगीन लुक क्या Gen Z से कनेक्ट करने की सोची-समझी कोशिश है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कपड़ों का अंदाज पिछले कुछ वर्षों में काफी बदला है। 2022 की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी ज्यादातर सफेद टी-शर्ट में नजर आए थे। सर्दियों की यात्रा में भी उन्होंने टी-शर्ट ही पहनी। उनका यह अंदाज काफी सहज, खेल-कूद वाला और आम युवाओं जैसा दिखता था।
इसके बाद टी-शर्ट राहुल गांधी की पहचान का हिस्सा बन गई। पार्टी कार्यक्रम हो, राजनीतिक दौरा हो या किसी आम व्यक्ति से मुलाकात, वह अक्सर टी-शर्ट में ही दिखाई दिए। भारतीय जनता पार्टी ने उनके इस पहनावे को लेकर कई बार निशाना साधा और उन्हें गैर-गंभीर नेता तक बताया। लेकिन राहुल गांधी ने अपने इस अंदाज को नहीं बदला।
अब राहुल गांधी ने अपने पहनावे में नया बदलाव किया है। युवाओं और खासकर Gen Z तक पहुंचने के लिए शुरू किए गए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में वह टी-शर्ट की जगह आधी बाजू और बटन वाली शर्ट में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इन शर्ट के रंग भी काफी चमकीले और युवाओं वाले हैं। कोटा में 'छात्रों की गूंज' के पहले कार्यक्रम में राहुल गांधी नीली शर्ट में नजर आए। देहरादून में भी उन्होंने टी-शर्ट की जगह शर्ट पहनी। प्रयागराज में उन्होंने गुलाबी शर्ट पहनी, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। वहीं पुणे में वह पीली शर्ट में दिखाई दिए।
Gen Z को कौन से रंग पसंद हैं?
Gen Z के लिए कोई एक तय रंग नहीं है, लेकिन युवाओं के फैशन में चमकीले, चटख और अपनी पहचान दिखाने वाले रंग काफी लोकप्रिय हैं। नीला, गुलाबी, पीला, बैंगनी, लाल, नारंगी और हरा रंग युवाओं के पहनावे में खूब दिखाई देता हैं।
खास तौर पर चमकीला नीला, हल्का पीला, गुलाबी और बैंगनी जैसे रंग पहनावे को ज्यादा युवा और आकर्षक लुक देते हैं। Gen Z फैशन में रंगों के साथ प्रयोग करना और अपने पहनावे के जरिए अपनी पसंद और व्यक्तित्व दिखाना अहम माना जाता है।
Gen Z का स्टाइल कैसा है?
Gen Z के फैशन की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें कोई एक तय नियम नहीं है। आरामदायक कपड़े, ढीली फिटिंग, चमकीले रंग, पुराने फैशन की नई वापसी, खेल-कूद वाले कपड़े और अलग-अलग तरह के कपड़ों को मिलाकर पहनना इस पीढ़ी के फैशन में आम है।
इसमें आराम के साथ अपनी अलग पहचान दिखाने पर जोर रहता है। यानी कपड़े ऐसे हों जिनमें आसानी रहे, लेकिन देखने में भी अलग और आकर्षक लगें। टी-शर्ट, ढीली शर्ट, जूते, जींस, बड़े आकार के कपड़े और चमकीले रंग इसी अंदाज का हिस्सा हैं।
राहुल गांधी का नया अंदाज क्यों खास है?
राहुल गांधी का नया पहनावा ऐसे समय में बदला है जब कांग्रेस युवाओं और महिलाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए राहुल गांधी देशभर के छात्रों से पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत कर रहे हैं। पुणे के कार्यक्रम में महिला छात्रों और कामकाजी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, आजादी और अधिकार जैसे मुद्दे उठाए गए।
ऐसे में राहुल गांधी का रंगीन शर्ट वाला अंदाज सिर्फ फैशन का बदलाव नहीं माना जा सकता। राजनीति में नेता का पहनावा भी उसकी छवि का हिस्सा होता है। राहुल पहले सफेद टी-शर्ट के जरिए अपनी एक सहज और युवा छवि बना चुके हैं। अब नीली, गुलाबी और पीली शर्ट के जरिए वह उसी छवि को ज्यादा रंगीन और युवा अंदाज में आगे बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं।