Fact Check: रतन टाटा के निधन के बाद उनके कुत्ते के रोने का वीडियो असली नहीं, जानें मामले का पूरा सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है वीडियो में देखा जा सकता है कि कब्र पर एक कुत्ता रो रहा है। इस कुत्ते को रतन टाटा का बताया जा रहा जो गलत है।
विस्तार
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा कि यह कब्र दिवंगत उद्योगपति और टाटा समूह के मानद चेयरमैन रहे रतन टाटा की है, जिस पर एक कुत्ता अपने दोनों हाथों को रखकर रो रहा है।
Psbhati7008 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट से ये वीडियो शेयर करके लिखा गया “सच्चे भारत का कोहिनूर”
विज्ञापन विज्ञापन
विनोद खीचड़ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो को शेयर किया गाया। “रतन टाटा सर वफादार कुत्ता”
पड़ताल
वीडियो को ध्यान से देखने पर हमें इस वीडियो में कुछ गड़बड़ दिखा। वीडियो में रतन टाटा की तस्वीर स्थिर नहीं बल्कि हिलती हुई नजर आ रही थी। इससे ये पता चल गया कि वीडियो को एडिट किया गया है।
आगे वीडियो की असलियत जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां से हमें एक यूट्यूब लिंक मिला यहां असली वीडियो मौजूद था। इस वीडियो को C H O I C E नाम के यूट्यूब चैनल पर 1 अक्तूबर 2024 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था “एक कुत्ता अपने मालिक की कब्र के सामने दुखी होकर रोया। #अगर आपके पास कुत्ता नहीं है, तो आप नहीं समझेंगे”। जबकि रतन टाटा का 9 अक्टूबर 2024 को निधन हुआ।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो रतन टाटा से संबंधित बताकर भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा है।