Fact Check: भ्रामक है खाटू श्याम में हमला करने वाले आरोपियों का पुलिस जुलूस निकालने का वीडियो, जानें सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस कुछ लोगों का जुलूस निकाल रही है। दावा किया जा रहा है कि यह खाटू श्याम में मारपीट करने वाले आरोपी हैं। हमारी पड़ताल में यह वीडियो अलवर का निकला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हुआ था जिसमें कुछ लोग आपस में डंडे से लड़ते हुए दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो को शेयर करके कहा जा रहा था कि खाटू श्याम मंदिर में दुकानदारों और श्रद्धालुओं में लड़ाई हो गई है। अब इसी मामले को लेकर एक और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में पुलिस अधिकारी चार लोगों को ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस चारों के मुंह पर काले रंग का मुखौटा है जिससे इनकी शक्ल नहीं दिख रही है। चारों पैरों से लंगड़ाते हुए चलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि खाटू श्याम मंदिर में भक्तों के साथ मारपीट करने वाले चारों दुकानदारों को राजस्थान पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में यह सामने आया कि वीडियो खाटू श्याम में हुई घटना से संबंधित नहीं है। जांच के दौरान पता चला कि वीडियो अलवर का है, जहां पुलिस ने मुहर्रम जुलूस में ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी घटना के लिए पुलिस ने जुलूस निकाला था। खाटू श्याम से इस वीडियो को जोड़कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
क्या है दावा
पुलिस द्वारा चार लोगों का जुलूस निकालने के वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि खाटू श्याम में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने वाले दुकानदारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पहाड़गढ़ नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करके लिखा “खाटू श्याम में महिलाओं के साथ मारपीट करने वाले दुकानदारों का स्वागत” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर 11 जुलाई 2025 को शेयर किया गया मिला। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था कि “ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस” यहां खाटू श्याम में मारपीट के लिए जुलूस निकालने की बात नहीं की गई थी।
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि पुलिस जिन आरोपियों का जुलूस निकाल रही है वह खाटू श्याम में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने वाले आरोपी नहीं हैं। बल्कि अलवर में मुहर्रम पर ट्रैफिक पुलिस का साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं।