Fact Check: सौरभ भारद्वाज के पालम दौरे में हुए हंगामे के वीडियो को तरुण हत्याकांड से जोड़कर हो रहा भ्रामक दावा
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है उत्तम नगर में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज को जनता ने धक्के देकर भगाया है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तम नगर में होली के उत्सव के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच एक विवाद हुआ। इसमें 26 वर्षीय तरुण कुमार की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इसी घटना से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज भीड़ के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आप नेता सौरभ भारद्वाज को उत्तम नगर में जनता ने धक्के देकर भगाया है। इस वीडियो को तरुण कुमार हत्याकांड से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो पालम अग्निकांड में मारे गए लोगों की शोकसभा का है। जहां आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प हुई थी।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उत्तम नगर में आप नेता सौरभ भारद्वाज को जनता ने धक्के देकर भगाया है।
महेंद्र बाहुबली (@Bahubali_IND2) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ”मुस्लिम हमारे भाई है .. ईद मनाने दो आप नेता सौरभ भारद्वाज को उत्तम नगर में पब्लिक ने जोर से धक्के देकर भगाया हिंदुओं बहुत गलत किया सिर्फ धक्के नहीं देने थे।“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें आईएएनएस के एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 19 मार्च को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के दौरे से पहले पालम में भाजपा और आप नेताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी शामिल थे।
आगे की पड़ताल में हमने अमर उजाला की न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 19 मार्च 2026 को साझा की गई है। यहां हमें वायरल वीडियो की एक क्लिप देखने को मिली। इसमें लिखा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने 18 मार्च को पालम में लगी आग की घटना में अपने नौ परिजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवार से भेंट कर संवेदना प्रकट की। इस दौरान वहां हंगामा भी देखने को मिला। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि शोक व्यक्त करने पहुंचे उनके प्रतिनिधियों पर भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने हमला किया। आरोप है कि इस दौरान कुर्सियां भी फेंकी गईं, जिससे वहां का वातावरण तनावपूर्ण हो गया।
इसके बाद हमें सौरभ भारद्वाज के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिला। पोस्ट में उन्होंने वायरल दावे को झूठा बताया है। पोस्ट में लिखा है कि अभी अभी दिल्ली पुलिस की प्रेस रिलीज आई है कि उत्तम नगर मामले में झूठी अफवाह नहीं फैलाए वरना सख़्त कार्रवाई होगी। ये हैंडल दिल्ली में दंगा करवाने के लिए पालम अग्निकांड की वीडियो डाल रहा है और झूठ बोल रहा है की उत्तम नगर का मामला है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को पालम अग्निकांड का पाया। इस वीडियो का तरुण हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है।