Fact Check: चीन के राष्ट्रपति का सीपीईसी के दूसरे चरण के उद्घाटन के लिए पाकिस्तान जाने का दावा गलत
Fact Check: सोशल मीडिया पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को लेकर दावा किया जा रहा है कि वह सीपीईसी के दूसरे चरण के उद्घाटन के लिए पाकिस्तान पहुंच सकते हैं। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
पाकिस्तान के कुछ प्रोपेगेंडा फैलाने वाले अकाउंट्स दावा कर रहे हैं कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सीपीईसी (चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर) के दूसरे चरण का आधिकारिक उद्घाटन करने के लिए पाकिस्तान आएंगे।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में यह सामने आया है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सीपीईसी के दूसरे चरण का उद्घाटन करने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे।
पोस्ट को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सीपीईसी परियोजना के दूसरे चरण का आधिकारिक रूप से शुभारंभ करने के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे।
सर्गेई लावरोव न्यूज (@Muhammadle92065) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “अभी-अभी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सीपीईसी परियोजना के दूसरे चरण का आधिकारिक उद्घाटन करने के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले इस दावे से जुड़े कीवर्ड को इंटरनेट पर सर्च किया। यहां 2025 की इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट से हमें पता चला चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सीपीईसी के दूसरे चरण का उद्घाटन करने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे। खबर के अनुसार, "सीपीईसी-2 का आधिकारिक उद्घाटन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की आगामी चीन यात्रा के दौरान होने की उम्मीद है।"
आगे हमें पाकिस्तान के अखबार डॉन में इससे जुड़ी एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट को 20 अगस्त को प्रकाशित किया गया था। खबर के मुताबिक, "सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की चीन यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान औद्योगिक सहयोग पर केंद्रित चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी-II) के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत होगी।" इस रिपोर्ट में भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज की ही चीन यात्रा के बारे में बताया गया है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पाकिस्तान आने का दावा गलत है। असल में सीपीईसी के दूसरे चरण का उद्घाटन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की चीन यात्रा के दौरान होगा।