Tariffs On Films: 'टैरिफ पर अभी कोई निर्णय नहीं', ट्रंप की टिप्पणी से मची खलबली के बाद व्हाइट हाउस का बयान
Tariffs On Foreign Movies: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विदेशी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ के एलान के बाद फिल्म जगत में खलबली मच गई है। इसके बाद व्हाइट हाउस की तरफ से बयान जारी किया गया है।
विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशों में बनी सभी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ का एलान किया है। ट्रंप ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में सोमवार को यह दावा भी किया कि उन्होंने वाणिज्य विभाग और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) को अमेरिका के बाहर बनाई गई सभी फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। उनकी इस टिप्पणी पर फिल्म जगत में खलबली मची है, जिसके बाद व्हाइट हाउस ने बयान जारी किया है।
सभी विकल्पों पर हो रहा विचार
व्हाइट हाउस ने कहा कि विदेशी फिल्मों पर टैरिफ लगाने के बारे में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर कहा था कि वे एजेंसियों को अन्य देशों में निर्मित फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने के लिए अधिकृत कर रहे हैं। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने कहा, 'विदेशी फिल्मों के टैरिफ पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन प्रशासन हॉलीवुड को फिर से ग्रेट बनाते हुए हमारे देश की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश को पूरा करने के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है'।
ट्रंप की टिप्पणी ने बढ़ाई चिंता
रविवार शाम को ट्रंप की घोषणा ने फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी, क्योंकि स्टूडियो अब कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और यू.के. सहित अन्य देशों में महंगी फिल्मों की शूटिंग पर निर्भर हो गए हैं। फिल्मों पर टैरिफ को लेकर व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान ने ट्रंप की टिप्पणी के बाद बढ़ी चिंता को कुछ कम किया है।
Sonu Nigam: बंगलूरू कॉन्सर्ट विवाद पर सोनू निगम ने मांगी माफी, पोस्ट साझा कर लिखा- 'माफ करना कर्नाटक'
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, "अमेरिका में फिल्म उद्योग बहुत तेजी से खत्म हो रहा है। दूसरे देश हमारे फिल्म निर्माताओं और स्टूडियो को अमेरिका से दूर करने के लिए हर तरह के प्रोत्साहन दे रहे हैं। हॉलीवुड और अमेरिका के कई अन्य क्षेत्रों को तबाह किया जा रहा है। यह दूसरे देशों द्वारा किया गया एक संगठित प्रयास है और इसलिए यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। मैं वाणिज्य विभाग और संयुक्त राज्य अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि को अधिकृत कर रहा हूं कि वे हमारे देश में आने वाली किसी भी और सभी फिल्मों पर 100% टैरिफ लगाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करें जो विदेश में बनाई गई हैं'।
The Bhootnii Day 5: हफ्ते भर से पहले ‘द भूतनी’ लाखों में सिमटी, जानिए फिल्म ने पांचवें दिन किया कितना कलेक्शन