अपना एआई जनरेटेड वॉयसओवर वीडियो देखकर भड़कीं ये अभिनेत्री, कानूनी कार्रवाई की दे डाली चेतावनी
Ramya Subramanian: अभिनेत्री राम्या सुब्रमण्यम हाल ही में अपना एआई जनरेटेड वॉयसओवर वीडियो देखकर भड़क उठीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसको लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है?
विस्तार
तमिल अभिनेत्री और हेल्थ कोच राम्या सुब्रमण्यम ने अपने एक वीडियो के अनधिकृत उपयोग और एआई जनरेटेड वॉयसओवर के दुरुपयोग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार (22 अप्रैल) को इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए उन्होंने एक हेल्थ और वेलनेस ब्रांड पर निशाना साधा।
राम्या ने गुस्से में लिखा, “यह तीसरी बार है जब मेरे वीडियो का एआई वॉयसओवर के साथ दुरुपयोग हुआ है। यह गैरकानूनी, अनैतिक और मेरे अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है।” उन्होंने ब्रांड को चेतावनी देते हुए कहा, “इस वीडियो को तुरंत हटाएं, वरना सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।” राम्या ने ब्रांड के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी टैग किया। उनके इस पोस्ट के बाद ब्रांड ने वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पेज से हटा लिया।
Anand Pandit: 'सलीम-जावेद के नाम पर ही फिल्में बिक जाती थीं', बॉलीवुड फिल्मों की असफलता पर बोले आनंद पंडित

राम्या ने अपने करियर की शुरुआत वीडियो जॉकी के रूप में की थी। बाद में उन्होंने तमिल सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने मणिरत्नम की 'ओ काधल कनमनी', अमाला पॉल स्टारर 'आदाई' और विजय की ब्लॉकबस्टर 'मास्टर' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया। हाल ही में उन्होंने शांताकुमार की 'रसावती' में एक मनोवैज्ञानिक की भूमिका निभाई। उन्हें 'विदामुयार्ची' में अजित कुमार और त्रिशा कृष्णन के साथ भी देखा गया।
उनकी यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब मनोरंजन इंडस्ट्री में डीपफेक और एआई जनरेटेड कंटेंट के अनैतिक उपयोग को लेकर चिंताएं काफी ज्यादा बढ़ चुकी हैं। साल 2021 में राम्या ने न्यूयॉर्क के इंस्टीट्यूट फॉर इंटीग्रेटिव न्यूट्रिशन से इंटीग्रेटिव न्यूट्रिशन हेल्थ कोच के रूप में सर्टिफिकेशन हासिल कर हेल्थ कोचिंग की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने बताया था कि महामारी के दौरान खाली समय मिलने पर एक दोस्त के सुझाव पर उन्होंने इस कोर्स में दाखिला लिया, जिसने उन्हें इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।