'बेहद शर्मनाक'; सोनू सूद ने की कंगना रनौत के 'गटर' वाले बयान की आलोचना; Gen Z का किया बचाव
Sonu Sood Criticised Kangana Ranaut: बीते दिनों हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान जेन-जी की भाषा पर कंगना रनौत की कथित विवादित टिप्पणी पर सोनू सूद ने रिएक्शन दिया है। अभिनेता ने जेन-जी की तरफदारी की है।
विस्तार
अभिनेता सोनू सूद ने Gen Z प्रदर्शनकारियों के बारे में कंगना रनौत की 'जेनरेशन गटर' वाली टिप्पणी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मशहूर हस्तियों को अपने शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। अभिनेता का कहना है कि युवा ही जन-समर्थन को आकार देते हैं।
सोनू सूद ने क्या कहा?
अभिनेता सोनू सूद ने अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत की 'जेन जी' (जेनरेशन जेड) प्रदर्शनकारियों पर की गई टिप्पणी से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे 'शर्मनाक' बताया। अभिनेता ने कहा कि युवाओं के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए, क्योंकि वही लोग मशहूर हस्तियों की सफलता तय करते हैं। आज बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बात करते हुए सोनू ने कहा कि उन्होंने शुरू में कंगना की टिप्पणी नहीं सुनी थी, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी पेशे में व्यक्ति की हैसियत आखिरकार जनता के समर्थन से ही तय होती है।
क्या हुआ था मामला?
बता दें कि सोनू सूद की यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त में आई है, जब जेन-जी प्रदर्शनकारियों पर कंगना रनौत की टिप्पणी की काफी आलोचना हो रही है। बीते दिनों नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान जेन-जी प्रदर्शनकारियों की भाषा पर सवाल उठे। वहीं, कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जेन-जी प्रदर्शनकारियों पर तीखी टिप्पणी करते हुए उनके व्यवहार और भाषा पर सवाल उठाए। अभिनेत्री ने इस जेन-जी को 'जेनरेशन गटर' कहा। इस पर कई सेलेब्स और सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई है।
सोनू सूद ने क्या कहा?
सोनू सूद ने कहा, 'मैंने उनका बयान नहीं सुना है। लेकिन मुझे लगता है कि ये युवा ही हैं, जो एक्टर्स को बनाते हैं और वे ही आपको इस मुकाम तक पहुंचने में मदद करते हैं'। उन्होंने आगे कहा, 'जब तक वे आपके साथ हैं, आप तरक्की करते रहेंगे। अगर वे आपके साथ नहीं हैं, तो मुश्किल हो जाती है। इसलिए सबको साथ लेकर चलना चाहिए'।