हॉलीवुड के हॉरर किंग को भाया अभिषेक बच्चन का अंदाज, जल्द हो सकता है नए प्रोजेक्ट का एलान
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (एमसीयू) की भारत में अपार सफलता के बाद दुनिया की दूसरी फिल्म कंपनियों का रुझान भी अब भारत की ओर हो चला है। इसी कड़ी में हॉलीवुड में बेहतरीन हॉरर फिल्में बनाने वाली कंपनी क्रिप्ट टीवी के सीईओ जैक डेविस ने हिंदी में हॉरर फिल्में बनाने का फैसला किया है। इसके लिए वह हिंदी सिनेमा के कुछ प्रोडक्शन घरानों से बातचीत शुरू भी कर चुके हैं।
डेविस बताते हैं, 'मैं कुछ समय से हिंदी हॉरर फिल्मों के व्याकरण को समझने की कोशिश कर रहा हूं, क्योंकि मुझे यह एक काम करने योग्य बाजार की तरह लगता है। अमेरिका में हॉरर फिल्मों को बहुत प्यार मिलता है, जबकि भारत में उन्हें बी-ग्रेड की फिल्में समझा जाता है। एक हॉरर फिल्म में कोई संदेश होना बहुत महत्वपूर्ण है। डरना मजेदार है, लेकिन फिल्म सिर्फ वही खत्म नहीं हो जाती है। फिल्म के जज्बात ही दर्शकों को अपने से जोड़ते हैं।'
डेविस आगे कहते हैं, 'मुझे लगता है कि हमें डरावने दृश्यों से ज्यादा उसके किरदारों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। मैंने भारतीय सिनेमा में काम करने वाले कई कलाकारों के बारे में गहन अध्ययन किया है, खासकर अभिषेक बच्चन पर। मैं कई लेखकों और निर्देशकों से भी मिला हूं।' उनसे पूछा गया कि क्या उनका पहला प्रोजेक्ट अभिषेक को पसंद आएगा? इस पर जोश में भरकर डेविस ने जवाब दिया कि उनके पास बहुत ही ठोस सामग्री है, और वह इसकी जल्दी ही आधिकारिक घोषणा करेंगे।
पढ़ें: रिलीज से पहले ही मुनाफे में ‘लव आज कल’, जानिए पहले दिन कितने करोड़ की होगी ओपनिंग