इमोशनल हुए मोहनलाल, वायरल वीडियो में आंसू पोंछते आए नजर; ‘दृश्यम 3’ को मिले प्यार के लिए फैंस का किया धन्यवाद
Mohanlal Viral Video: मोहनलाल की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज हो चुकी है। रिलीज के बाद एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें एक्टर काफी इमोशनल नजर आए।
विस्तार
मोहनलाल की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ 21 मई को रिलीज हुई। खास बात यह है कि इसी दिन अभिनेता ने अपना 66वां जन्मदिन भी मनाया। फिल्म को लेकर लगातार शानदार रिव्यू सामने आ रहे हैं। इसी बीच मोहनलाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दर्शकों का रिएक्शन देखकर इमोशनल हो जाते हैं।
आंसू पोंछते दिखाई दिए मोहनलाल
अपनी फिल्म ‘दृश्यम 3’ के फर्स्ट डे, फर्स्ट शो स्क्रीनिंग के दौरान मोहनलाल काफी इमोशनल नजर आए। वायरल वीडियो में मोहनलाल अपनी की टीम के साथ थिएटर में बैठे नजर आ रहे हैं। फैंस के साथ फिल्म का फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखते हुए अभिनेता काफी भावुक हो गए और अपनी आंखों से आंसू पोंछते दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने तालियां बजा रहे एक दर्शक का हाथ जोड़कर धन्यवाद भी किया।
विज्ञापन विज्ञापन
A post shared by IndianCinemaGallery (@indiancinemagallery_official)
मोहनलाल का धन्यवाद पोस्ट
अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर 'दृश्यम 3' को मिले जबरदस्त प्यार के लिए फैंस का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, ‘आज सुबह इतना सारा प्यार देखकर मैं बेहद इमोशनल हो गया हूं। हर शुभकामना, हर दुआ और दिल से भेजे गए हर संदेश ने मेरा दिल कृतज्ञता से भर दिया है। ऐसे पल मुझे याद दिलाते हैं कि मैं कितना खुशकिस्मत हूं कि मेरे आसपास इतना प्यार और अपनापन है। मेरी जिंदगी के इस सफर का खूबसूरत हिस्सा बनने और आज के दिन को इतना खास बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। आप सभी के लिए दिल से आभारी हूं।’
‘दृश्यम 3’ के बारे में
मोहनलाल की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'दृश्यम 3' 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसे दर्शकों से शानदार रिएक्शन मिल रहा है। जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित 'दृश्यम 3' में मोहनलाल जॉर्जकुट्टी के किरदार में वापसी कर रहे हैं, वहीं मीना, अंसीबा हसन, एस्थर अनिल और आशा शरथ भी अपने पुराने किरदारों में नजर आ रही हैं।