फिर अटकी पद्मावती की शूटिंग, खाली बैठे ये सितारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म पद्मावती की शूटिंग अधर में लटक गई है। राजस्थान में चल रही फिल्म की शूटिंग सुरक्षा कारणों से रोक दी गई है। इसके चलते फिल्म के सितारे दीपिका पादुकोण,रनवीर सिंह, और शाहिद कपूर खाली हो गए हैं।
तीनों अलग-अलग तरीके से समय गुजार रहे हैं जहां दीपिका अपना समय अमेरिका में बिता रही हैं,तो रनवीर सिंह स्विट्जरलैंड में छुट्टियां मना रहे हैं। जबकि शाहिद अपनी पत्नी मीरा और बच्ची मीशा के साथ समय व्यतीत कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राजपूत करनी सेना ने फिल्म के सेट पर निर्देशक संजय लीला भंसाली पर हमला कर दिया था। इसके बाद शूटिंग को रोक दिया गया था। फिल्म से जुड़े लोग बता रहे हैं कि 11 मार्च से फिल्म की शूटिंग मुंबई की फिल्म सिटी में फिर शुरू हो रही है। वहीं अभी तक सितारे शूटिंग शेड्यूल से अंजान हैं। हालांकि संजय फिल्म की शूटिंग को राजस्थान में शुरू करेंगे या नहीं इसका अभी खुलासा नहीं किया गया है।
लव सीन पर उपजा विवाद
फिल्म यूनिट से जुड़े एक व्यक्ति ने मिड-डे को बताया कि सुरक्षा कारणों से शूटिंग को राजस्थान में फिलहाल नहीं शुरू किया जा रहा है, लेकिन हम आपस में बात कर रहे हैं कि शूटिंग अभी नहीं तो कुछ दिनों बाद राजस्थान में फिर शुरू होगी।
हालांकि ये फैसला तो निर्माताओं को करना है कि राजस्थान वापस जाना है या नहीं। हम सबको अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है, हम तब तक वहां नहीं लौट सकते जब तक राज्य सरकार सुरक्षा मुहैया नहीं करा देती। वहीं अखबार के मुताबिक जयगढ़ किले के अधिकारियों को भी निर्माताओं की तरफ से यूनिट के वहां आने की कोई सूचना नहीं दी गई है।
उल्लेखनीय है कि राजपूत करनी सेना ने फिल्म में रानी पद्मावती और अलाउद्दीन खिलजी के बीच लव सीन को लेकर आपत्ति जताई थी। इस पर निर्देशक संजय लीला भंसाली ने उन्हें आश्वस्त किया था कि दोनों के बीच ऐसा कोई सीन नहीं फिल्माया जाएगा। वहीं करनी सेना के अध्यक्ष लेकेन्द्र सिंह कालवी ने बताया कि संजय ने जुबानी तो कह दिया है लेकिन अबतक लिखित में उनके पास कुछ नहीं भेजा गया है।