Angry Young Men: सलीम-जावेद को फिर साथ काम करते देखना चाहते हैं सलमान, इस दिन रिलीज होगी सीरीज ‘एंग्री यंगमेन’
मशहूर लेखक जोड़ी सलीम खान और जावेद अख्तर पर बनी दिलचस्प डॉक्यूमेंट्री सीरीज जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। एंग्री यंग मेन की रिलीज डेट का एलान हो गया है। यह प्राइम वीडियो पर 20 अगस्त से प्रदर्शित होगी।
वेब सीरीज ‘एंग्री यंग मैन’ सलीम-जावेद की कहानी है, जो 1970 के दशक की कुछ सबसे बड़ी हिट फिल्मों जैसे ‘शोले’, ‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘यादों की बारात’, ‘डॉन’ और ऐसी ही कई हिट फिल्मों की कथा, पटकथा और संवाद लिखने के लिए जानी जाती है। फिल्म ‘जंजीर’ में इन दोनों ने उस समय समाज के हालात के मुताबिक ‘एंग्री यंग मैन’ का किरदार गढ़ा जो एक एंटी हीरो के तौर पर न्याय के लिए लड़ाई लड़ता है। भारतीय सिनेमा की ये सबसे लंबी चली पार्टनरशिप मानी जाती हैं।
इस वेब सीरीज में खुद सलीम-जावेद अपनी कहानी सुनाते हैं, साथ ही भारतीय सिनेमा के कुछ सबसे जाने माने लोगों द्वारा भी कुछ यादगार किस्से साझा किए गए हैं। इस बारे में सलीम खान के बेटे अभिनेता सलमान खान कहते हैं, “ये दो समझदार, होशियार और प्रतिष्ठित व्यक्तियों की कहानी है जो दोनों ही अपने काम में सर्वश्रेष्ठ हैं। दोनों एक-दूसरे के काम करने के तरीके और नेकी का सम्मान करते हैं। बड़े होते हुए अपने पिता और जावेद साहब को फिल्मों में साथ काम करते देखना वाकई कमाल का था। सिनेमा के लिए उनके जुनून ने एक पूरी पीढ़ी के लिए हेरोइज्म के आइडिया को बदल दिया।मैं उन्हें भविष्य में फिर से साथ काम करते देखना चाहता हूं और मुझे लगता है कि इन दोनों के प्रशंसक भी ऐसा ही चाहते होंगे।’
Bhool Bhulaiyaa 3: वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा 'भूल भुलैया 3' का टीजर, इन फिल्मों संग मचाएगा धूम