सलमान खान मेरे गुरू, दोस्त और गॉडफादर: स्नेहा उल्लाल
ऐश्नर्या राय की तरह दिखने वाली अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल का कहना है कि वो फिल्मों में वापसी करके खुश हैं। अपनी आने वाली फिल्म 'बेजुबान इश्क' के प्रमोशन के लिए दिल्ली पहुंची स्नेहा ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि वो चाहती हैं कि दूसरी बार लकी साबित हों।
स्नेहा ने फिल्मों में ब्रेक देने वाले सलमान खान की तारीफ में जमकर बातें की। उन्होने कहा कि सलमान उनके गुरू, दोस्त और गॉडफादर सब कुछ हैं। स्नेहा ने कहा कि सलमान और उनकी बहन अर्पिता का उनकी जिंदगी में बहुत महत्व है। बुरे वक्त में सलमान ने बहुत मदद की।
अपनी मां को कैंसर होने का जिक्र करते हुए इस बॉलीवुड अभिनेत्री ने कहा कि उस समय सलमान ही थे जो मेरे काम आए।
''लकी' के समय मैंने कड़ी मेहनत नहीं की थी'
स्नेहा उल्लाल ने एक अन्य बातचीत में बीबीसी हिन्दी से कहा कि, "पूरे दस साल बाद मैं बॉलीवुड में वापसी कर रही हूं। बहुत कम लोग ही ऐसे होते हैं जो गायब होकर वापस आते हैं क्योंकि बॉलीवुड आपको दूसरा मौका नहीं देता।"
मायानगरी में मिली असफलता के बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री का रुख कर लिया था। स्नेहा के पास हिन्दी फिल्मों में न चलने की अपनी वजह है। वो कहती हैं, "जब मैं फिल्मों में आई थी तब मैं सिर्फ 15-16 साल की ही थी।
स्नेहा कहती हैं "फिल्म का ऑफर आया और वो भी सलमान खान की तरफ से तो कर लिया। लेकिन उस समय मैंने कड़ी मेहनत नहीं की थी।"
'गलती हम अभिनेत्रियों की है, न कि सलमान खान की'
स्नेहा उल्लाल और जरीन खान जैसी अभिनेत्रियों को सलमान खान ने ब्रेक दिया था लेकिन वो चल नहीं सकीं। क्या सलमान ख़ान के साथ करियर शुरू करने वाली हिरोइनों का करियर डगमगा जाता है? या फिर आपको सलमान के साथ आने का फायदा नहीं मिला?
बीबीसी के इस सवाल पर स्नेहा कहती हैं, "मेरा मानना है किसी का कैरियर नसीब, परफॉरमेंस, और आगे फिल्में करने की रुचि पर निर्भर है। ये चीजें उन अभिनेत्रियों पर निर्भर करती हैं, न कि सलमान पर। जो एक्ट्रेस आगे नहीं बढ़ पाईं जैसे कि मैं, उसमें गलती सिर्फ हमारी है, न कि सलमान की।"
तेलुगु फिल्मों में हासिल की भारी सफलता
'लकी' में एक कॉलिज की लड़की रुमझुम का किरदार निभाने वाली स्नेहा की पहली हिन्दी फिल्म भले ही कोई बड़ी सफलता हासिल ना कर सकी। इसके बाद स्नेहा ने तेलुगु फिल्मों का रुख किया और सफलता हासिल की।
स्नेहा ने तेलुगु फिल्म 'उल्लास्मगा उस्थामगा' से शुरूआत की और फिल्म सुपरहिट रही। आने वाली फिल्म 'बेजुबान इश्क' में स्नेहा उल्लाल टीवी एक्टर निशांत मलकानी के साथ दिखेंगी। 'बेजुबान इश्क' 26 जून को रिलीज होगी।