‘जीवन को लेकर उत्साहित थे’, ‘करीब करीब सिंगल’ की एक्टर पार्वती ने इरफान खान को लेकर की बात; साझा किया अनुभव
Parvathy On Irrfan Khan: ‘करीब करीब सिंगल’ की अभिनेत्री पार्वती ने इरफान के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा किया। जानिए इरफान को लेकर पार्वती ने क्या कुछ कहा…
विस्तार
दिग्गज दिवंगत अभिनेता इरफान खान ने अपने करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस और फिल्में दी हैं। इन्हीं में से एक फिल्म है ‘करीब करीब सिंगल’। 2017 में आई इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म में इरफान खान के साथ अभिनेत्री पार्वती नजर आई थीं। अब अभिनेत्री ने इरफान खान के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया है।
मेरे पास शब्द नहीं
पिंकविला के साथ बातचीत के दौरान पार्वती ने इरफान खान के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि हम मृत्यु के बारे में पर्याप्त बात करते हैं। एक समाज के रूप में, मुझे नहीं लगता कि हम शोक के बारे में सही तरीके से बात कर रहे हैं। हमने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसने जीवन का अनुभव किया है और आपने उनके साथ वे पल साझा किए हैं, इसलिए उस शोक को महसूस करने दें।
जब भी मुझसे इरफान या पुनीत राजकुमार के बारे में पूछा जाता है, तो वे मेरे दो सह-कलाकार हैं जिन्हें हमने खो दिया है और मुझे विश्वास नहीं हो रहा है। यह समझ में नहीं आता कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। मेरे पास अभी भी इसे व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।
बच्चों जैसी जिज्ञासा के साथ जीते थे इरफान
इरफान के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने आगे कहा कि इरफान कहा करते थे, ‘अभी तो सिर्फ शुरुआत है।’ ‘करीब करीब सिंगल’ की शूटिंग के दौरान वो अपने जीवन के इस नए अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित थे। हमें एहसास ही नहीं होता कि हम कितने भाग्यशाली हैं कि हम सांस ले पा रहे हैं, क्योंकि यह बात समझ से परे है कि मैं जीवित हूं और वो नहीं। मुझे यह बात समझ नहीं आती।
वो हर दिन बच्चों जैसी जिज्ञासा के साथ जीते थे। वो बिल्कुल वैसे ही इंसान थे, जैसे कोई उछलती हुई गेंद। अगर मैं उनके बारे में सोचूं, जिससे मैं बचने की कोशिश करती हूं, क्योंकि तब हमें इस बात का ख्याल आता है कि वो हमारे साथ नहीं हैं, तो मुझे बस यही याद आता है कि वो कितने दयालु और सौम्य थे। वो जीवन को लेकर बेहद उत्साहित थे। मैं उस याद को बहुत संजो कर रखती हूं।
इरफान खान का साल 2020 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर के चलते लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वो आखिरी बार कॉमेडी ड्रामा 'अंग्रेजी मीडियम' में नजर आए थे। हालांकि, बाद में उनके निधन के बाद भी उनकी फिल्म रिलीज हुई है। इरफान खान की गिनती इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेताओं में होती है।