Neena Kulkarni: जब नीना को देखकर बोले अमिताभ- शॉट जल्दी पूरा करना.., अभिनेत्री ने साझा किया 'भूतनाथ' का किस्सा
Bhoothnath: नीना कुलकर्णी ने फिल्म भूतनाथ में अमिताभ बच्चन का किरदार निभाया था। हाल ही में एक बातचीत में फिल्म की शूटिगं से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री नीना कुलकर्णी ने हाल ही में अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'भूतनाथ' में काम करने के अपने अनुभव को साझा किया। इस फिल्म में नीना ने अमिताभ की पत्नी का किरदार निभाया था। हालांकि, उनके सात-आठ सीन में से केवल तीन ही फिल्म में शामिल हो पाए थे, लेकिन नीना के लिए महानायक के साथ काम करना अपने आप में एक यादगार अनुभव था।
साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म 'भूतनाथ' में नीना कुलकर्णी ने अमिताभ बच्चन की पत्नी का किरदार निभाया था, जो कहानी में मर चुकी होती हैं। नीना ने इस बारे में फिल्मफेयर से बात करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म के लिए सात सीन शूट किए थे, लेकिन एडिटिंग के दौरान केवल तीन सीन ही फिल्म में रखे गए। वह कहती हैं, "एडिटिंग का फैसला निर्देशक और संपादक का होता है, इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता। लेकिन मेरे लिए इतने बड़े अभिनेता के साथ सात सीन करना ही बहुत बड़ी बात थी।"
नीना कुलकर्णी ने एक खास सीन का जिक्र किया, जिसमें उनका किरदार कमजोर और बीमार हालत में होता है। इस सीन की शूटिंग के दौरान बार-बार रुकावट आ रही थी, क्योंकि कैमरा एंगल बदलने या अन्य तकनीकी कारणों से शूटिंग रोकनी पड़ रही थी। नीना ने कहा कि वह एक ऐसी अभिनेत्री हैं, जो सीन की भावनाओं को पकड़कर रखती हैं।
View this post on Instagram
उन्होने कहा, "मैं सीन के बीच में किसी से बात नहीं करती। मैं उस भावना को बनाए रखती हूं, ताकि अगला शॉट वैसा ही लगे। यह मेरी आदत है, जो आज भी बरकरार है। भूतनाथ की शूटिंग के दौरान सेट पर जब ऐसा किया तो लोग सोचने लगे कि मौं नाराज हूं, लेकिन मैं सिर्फ अपने किरदार में डूबी हुई थीं। उस समय अमिताभ बच्चन बच्चों और असिस्टेंट्स से बात कर रहे थे। अचानक उन्होंने मेरी ओर देखा और टीम से कहा कि जल्दी करो, क्योंकि यहां कोई भावनाओं को पकड़कर रखे हुए है।" नीना के लिए यह पल चौंकाने वाला था। वह कहती हैं, "इतने बड़े अभिनेता होने के बावजूद उन्होंने मेरी इस छोटी-सी बात को नोटिस किया। यह मेरे लिए बहुत खास था।"