मुंबई हमला: मुकाबले के दौरान गुमनाम रहीं ये कहानियां, बन रहा अनोखा मेडिकल ड्रामा ‘मुंबई डायरीज 26/11’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्राइम वीडियो ने मुंबई हमले की कुछ गुमनाम कहानियों को एक सीरीज के जरिए पेश करने का फैसला किया है। इस सीरीज का नाम होगा ‘मुंबई डायरीज 26/11’ और अगले साल प्रसारित होने वाली इस सीरीज में शहर पर आतंकी हमले के समय अभूतपूर्व संकट का सामना करने वाले और अग्रिम मोर्चे पर लड़ने वाले नायकों की बहादुरी को श्रद्धांजलि दी गई है।
कोंकणा सेन शर्मा, मोहित रैना, टीना देसाई और श्रेया धनवंतरी की अदाकारी से सजी इस सीरीज में डॉक्टर, नर्सों, पैरा मेडिकल और हॉस्पिटल स्टाफ की अब तक न सुनी गई कहानियां पेश की जाएगी। प्राइम विडियो ने मुंबई पर हुए खौफनाक आतंकी हमले की 12वीं बरसी पर अग्रिम मोर्चे पर आतंकियों का मुकाबला करने वाले हीरोज की बहादुरी को इस सीरीज के जरिए सलाम किया है। सीरीज का फर्स्ट लुक इस हमले की बरसी पर गुरुवार को जारी किया गया।
इस सीरीज का निर्देशन निखिल आडवाणी के साथ निखिल गोंजालविस ने किया है। सीरीज का प्रीमियर मार्च 2021 में किया जाएगा। मुंबई डायरीज 26/11 का निर्माण 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में किया गया। सीरीज अस्पताल में बनाई गई है। यह सीरीज उन डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और अस्पताल कर्मियों की अनसुनी कहानी को बयान करती है, जिन्होंने मुंबई पर हुए आतंकी हमले में घायल लोगों की जान बचाने के लिए बिना थके काम किया।
प्राइम वीडियो की एक अधिकारी के मुताबिक, “26 नवंबर की वह खौफनाक रात हर भारतीय के दिमाग में अपनी छाप छोड़ गई है। मुंबई डायरीज 26/11 शहर पर हमले के समय अग्रिम मोर्चे पर आतंकियों से मुकाबला करने वाले सुरक्षाकर्मियों, शहीदों और उनके परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान को जोखिम में डाला। सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की बहादुरी और उनके त्याग को श्रद्धांजलि देते हुए हम इस सीरीज का पहला लुक लॉन्च कर रहे हैं। यह शो मुंबई के कभी हार न मानने वाले जज्बे को सलाम करता है। हम 26/11 की अनसुनी कहानी पेश करने के लिए भारत के शानदार निर्देशकों में से एक निखिल आडवाणी से साझेदारी कर काफी प्रसन्न हैं।“
इस शो की थीम के बारे में चर्चा करते हुए निखिल आडवाणी कहते हैं, “हम मुंबई के लोग अक्सर यह चर्चा करते हैं कि उस भयानक रात को हम कहां थे, जब इस विनाशकारी घटना ने पूरे शहर को हिला डाला था। इस घटना पर अब तक कई शोज और फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन किसी भी शो या फिल्म में इस हमले के दौरान अस्पतालों के पक्ष को नहीं उभारा गया। इस मेडिकल ड्रामा के साथ हमारा लक्ष्य अभूतपूर्व खतरे के समय मानवीय जज्बे की जीत का जश्न मनाना है। हम इस सीरीज में बहादुर डॉक्टरों के अच्छे काम की सराहना करेंगे, जिन्होंने इस मुद्दे की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आतंकी हमले के समय घायलों की जान बचाने के लिए बिना थके परिश्रम किया।"