Vinod Bhanushali: विनोद भानुशाली ने मनाया नवाजुद्दीन और सेजल की कामयाबी का जश्न, बधाई देने पहुंचे ढेरों सितारे
इंटरनेशल एम्मी अवार्ड्स में नॉमीनेशन का जश्न मनाकर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुंबई लौट आए हैं। यहां मुंबई में उनका जलवा हाल ही में हुए लोकल ओटीटी समारोह में दिखा। नवाजुद्दीन ने ओटीटी पर अब और काम न करने का अपने चाहने वालों से वादा किया है और उनके इस फैसले से हिंदी सिनेमा के सुधी दर्शक भी काफी खुश है। नवाजुद्दीन के चाहने वालों में भानुशाली स्टूडियोज के प्रबंध निदेशक विनोद भानुशाली ने नवाजुद्दीन के चारों तरफ बरस रहीं खुशियों का जश्न यहां मुंबई में अपने यार दोस्तों के साथ जमकर मनाया। नवाजुद्दीन इन दिनों अपने करियर को एक नए मुकाम पर ले जाने की योजना पर काम करे रहे हैं और रिश्ते, नाते, प्यार, वफा के चक्रव्यूह से निकलकर अदाकारी के नए अभिमन्यु बनने की तरफ बढ़ चले हैं।
मुंबई फिल्म जगत के काफी हैपनिंग इलाके बांद्रा में तमाम सितारे एक साथ जमीन पर चहलकदमी करते दिखे। मौका था भानुशाली स्टूडियोज के विनोद भानुशाली की तरफ से दी गई एक खास पार्टी का। बॉम्बे फेबल्स की सेजल शाह और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस मौके के खास मेहमान रहे और पार्टी में आने वालों ने दोनों की हालिया कामयाबी के लिए उन्हें खूब गले लग लगकर बधाइयां दी। दोनों सितारों ने अपने चाहने वालों की बधाइयां कुबूल की और सबका तहे दिल से शुक्रिया अदा किया।
विनोद भानुशाली की इस पार्टी में सुधीर मिश्रा, उमेश शुक्ला, राज शांडिल्य. सुपर्ण वर्मा, विभु पुरी जैसे चर्चित निर्देशकों के अलावा मीरा चोपड़ा, श्वेता बासु प्रसाद, अंबर दीप सिंह, अनुप्रिया गोयनका, मेयांग चैंग आदि खास तौर पर मौजूद रहे। भानुशाली स्टूडियोज की स्थापना के बाद से विनोद भानुशाली हिंदी फिल्म जगत में लगातार सुर्खियां बनाते रहे हैं और उनके स्टूडियो से एक के बाद एक कई फिल्में बीते महीनों में घोषित हो चुकी हैं।