80 साल-80 किस्से: बचपन की यादों से सियासी पारी खेलने तक, अमिताभ बच्चन का इलाहाबाद से रहा है गहरा नाता
बॉलीवुड के शहंशाह कहलाने वाले बिग बी को यूं ही 'छोरा गंगा किनारे वाला' नहीं कहा जाता, बल्कि अभिनेता के बचपन की यादों से लेकर सियासी जमीन का खाका खिंचने तक उनका इलाहाबाद से गहरा नाता रहा है।
विस्तार
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आज भी सिनेमा का चमकता हुआ सितारा हैं। बॉलीवुड के शहंशाह कहलाने वाले बिग बी 11 अक्टूबर 2022 को अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन के बेटे अमिताभ बच्चन ने माया नगरी मुंबई में आकर ऐसा नाम कमाया कि यहीं के होकर रहे गए लेकिन उनका इलाहाबाद (जो अब प्रयागराज) है से गहरा नाता रहा है। 'बॉलीवुड का शहंशाह, 80 साल-80 किस्से' सीरीज के तहत इस किस्से से रूबरू होते हैं।
यूं ही गंगा किनारे का छोरा नहीं कहलाते अमिताभ बच्चन
अभिनेता अमिताभ बच्चन की फिल्म डॉन का गाना 'छोरा गंगा किनारे वाला' तो सभी को याद होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि अमिताभ बच्चन को ऐसे ही गंगा किनारे वाला छोरा नहीं कहा जाता है बल्कि अभिनेता का बचपन प्रयागराज की गलियों में खेलकर ही बीता है। यही नहीं अभिनेता सियासी पारी की कहानी भी इलाहाबाद से जुड़ी हुई है।
इलाहाबाद की गलियों में खेलकर बीता बचपन
यह तो सभी जानते हैं कि अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंशराय बच्चन मशहूर कवि थे, जिनकी कविताएं आपने भी कभी न कभी पढ़ी होंगी। बता दें कि हरिवंशराय बच्चन का जन्म साल 1907 में इलाहाबाद में हुआ था। वह अपनी पत्नी तेजी बच्चन और बेटे अमिताभ बच्चन संग इलाहाबाद के मुट्ठीगंज कटक की एक गली में रहा करते थे और इन्हीं गलियों में खेलते हुए बिग बी ने अपना बचपन बिताया है।
इस स्कूल से की थी बिग बी ने पढ़ाई
हरिवंश राय बच्चन ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लंबे समय तक इंग्लिश प्रोफेसर के पद पर रहते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाया था। उस समय अमिताभ बच्चन छोटे थे और उन्होंने इलाहाबाद बीएचएस से पढ़ाई की थी। फिलहाल बात करें अभिनेता के घर की तो उसके कुछ हिस्से में उनके दूर के रिश्तेदार रहते हैं और बाकी का कुछ भाग जर्जर स्थिति में है। वह गली अभी तक अमिताभ बच्चन और उनके पिता हरिवंश राय बच्चन के नाम से जानी जाती है।
सियासी जमीन का खाका भी इलाहाबाद में खिंचा
अमिताभ बच्चन ने सिनेमा में तो चोटी के स्तर की सफलता हासिल की ही है। इसके अलावा उन्होंने राजनीति में भी धाक जमा दी थी। साल 1984 में अमिताभ बच्चन ने इलाहाबाद से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। दरअसल उस समय बिग बी और राजीव गांधी में गहरी दोस्ती थी।
बहुगुणा से हुआ था मुकाबला
राजनीतिक मामले में उस समय इलाहाबाद हेमवती नंदन बहुगुणा का राजनीतिक गढ़ माना जाता था और उनके सामने चुनाव मैदान में छोरा गंगा किनारे वाला यानी अमिताभ बच्चन थे। उस समय अमिताभ बच्चन के लिए लोगों में जबरदस्त दीवानगी थी और इसी का फायदा चुनाव में भी मिला। राजनीति में नए-नए अमिताभ बच्चन ने उस समय तकरीबन दो लाख वोटों से जीत हासिल की थी।