‘शाहरुख खान ने राड़ा कर दिया’, सुपरस्टार के वानखेड़े विवाद पर पूर्व एसीपी का खुलासा; बताया पूरा मामला
Shahrukh Khan Fight In Wankhede: 2012 में शाहरुख खान और वानखेड़े स्टेडियम के स्टाफ मेंबर के साथ हुए विवाद पर पूर्व एसीपी इकबाल शेख ने खुलकर बात की। उन्होंने पूरे मामले का खुलासा किया। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
सुपरस्टार शाहरुख खान का 2012 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ विवाद आज भी आईपीएल के सबसे चर्चित मामलों में गिना जाता है। अब काफी समय बाद, पूर्व एसीपी इकबाल शेख ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि यह पूरा मामला एक ‘गलतफहमी’ की वजह से बढ़ गया था। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
इकबाल शेख ने किया खुलासा
इकबाल शेख, जो उस समय उस इलाके के एसीपी थे, हाल ही में शुभोजीत घोष के यूट्यूब चैनल पर एक पॉडकास्ट में नजर आए। उन्होंने बताया, ‘यह मामला ज्यादा तर गलतफहमी का था, जिसकी वजह से शाहरुख खान और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों के बीच बात बिगड़ गई। मैं उस इलाके का एसीपी था, इसलिए वहां मौजूद था। जब मैं मेन गेट पर पहुंचा, तो एक एमसीए अधिकारी ने बताया कि ‘शाहरुख खान ने राड़ा कर दिया।’ तब तक मैच खत्म हो चुका था, ज्यादातर लोग जा चुके थे और कुछ फ्लडलाइट्स भी बंद हो चुकी थीं।’
मैच के बाद क्या हुआ था?
इकबाल शेख ने कहा, ‘शाहरुख खान बच्चों के साथ खेल रहे थे। तभी एक सिक्योरिटी गार्ड ने आपत्ति जताई और सीटी बजाई, जिससे वह नाराज हो गए। इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और एमसीए अधिकारी भी बीच में आ गए। मामला बढ़ता जा रहा था, तभी मैंने बीच में आकर स्थिति संभाली… मैंने तुरंत शाहरुख को स्टेडियम से बाहर जाने के लिए कहा, ताकि बात और न बिगड़े। मैंने उनसे कहा, ‘सर, कृपया बाहर चलिए।’ नहीं तो मामला और ज्यादा खराब हो सकता था।’
ये भी पढ़ें- Box office: ‘राजा शिवाजी’ से लेकर ‘एक दिन’ तक, इस शुक्रवार रिलीज हुई 7 फिल्में; जानिए किसने किया कितना कलेक्शन
शाहरुख को वानखेड़े से कर दिया था बैन
इस घटना के बाद मई 2012 में शाहरुख खान पर आईपीएल के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में एंट्री पर पांच साल का बैन लगा दिया गया था। हालांकि यह बैन 3 साल बाद हटा लिया गया था। यह विवाद उस समय हुआ था जब उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को हराया था।
मामले पर क्या बोले शाहरुख?
मैच के बाद शाहरुख और एमसीए के सिक्योरिटी स्टाफ के बीच तीखी बहस हो गई थी। एमसीए का आरोप था कि शाहरुख जबरदस्ती मैदान में घुसने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने गार्ड्स के साथ बदसलूकी की। हालांकि उस समय शाहरुख ने इन आरोपों से इनकार किया था। खबरों के मुताबिक, उनका कहना था कि उन्होंने तब रिएक्ट किया, जब बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया गया।
बाद में टीवी शो ‘आप की अदालत’ में शाहरुख खान ने इस घटना पर बात करते हुए कहा, ‘मैं बहुत गुस्से में था और परेशान भी… मैंने कहा ये हमारे बच्चे हैं और हम उन्हें ले जा रहे हैं। वहां एक शख्स ने ऐसा शब्द कहा जो मुझे गलत लगा। वह थोड़ा धार्मिक और आपत्तिजनक था। इसके बाद मैंने अपना आपा खो दिया और मैं उसे मारने चला गया।’
इस फिल्म में नजर आएंगे शाहरुख खानशाहरुख खान आने वाले समय में किंग फिल्म में नजर आएंगे। शाहरुख के अलावा ‘किंग’ फिल्म में दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर जैसे बड़े कलाकार नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है और इसे रेड चिल्लीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। मूवी 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।