Pahalgam Attack: जहां आतंकी हमला हुआ दो दिन पहले वहीं थी अनुराग-इम्तियाज की बेटियां, पोस्ट शेयर कर कही ये बात
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी रिएक्शन दे रहे हैं। अनुराग कश्यप की बेटी इस हमले को लेकर दुखी नजर आईं। वह कुछ दिन पहले ही इम्तियाज अली की बेटी के साथ कश्मीर में ही थीं। जानिए, क्या कहा आलिया कश्यप और इदा अली ने पहलगाम हमले को लेकर?
विस्तार
हाल ही में अनुराग कश्यप की बेटी आलिया कश्यप और इम्तियाज अली की बेटी इदा अली, कश्मीर में छुट्टियां मनाने गईं। दोनों काफी अच्छी दोस्त हैं। जैसे ही दोनों को पहलगाम हमले की जानकारी मिली तो वह काफी दुखी हुईं। इस बारे में आलिया कश्यप और इदा शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट की और दुख जताया।
पर्यटकों के परिवार के लिए दुखी
आलिया कश्यप और इदा अली ने अपने इंस्टाग्राम पेज के स्टोरी सेक्शन में पहलगाम हमले की निंदा की, साथ ही जो लोग इस हमले में मारे गए, उनके लिए दुख जताया। आलिया कश्यप लिखती हैं, ‘हम 2 दिन पहले ही वहां थे। सभी पीड़ितों, उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रही हूं। यह दिल तोड़ने वाली घटना है।’ वहीं इदा शर्मा कहती हैं, ‘मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।
वैकेशन से जुड़ी तस्वीरें साझा की
आलिया कश्यप कश्मीर वैकेशन पर अपने पति शेन के साथ थीं, वहीं इदा अली अपने दोस्त कृष अग्रवाल के साथ नजर आईं। आलिया और इदा ने अपनी वैकेशन की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इन तस्वीरों में ये चारों लोग कश्मीर की खूबसूरत वादियों में खूब एंज्वॉय कर रहे थे।
कई सेलिब्रिटीज ने भी दुख जताया
आलिया कश्यप और इदा के अलावा कई और फिल्म, टीवी के सेलिब्रिटीज भी पहलगाम हमले की निंदा कर चुके हैं। इसमें हीना खान, अनुष्का शर्मा, संजय दत्त, अनुपम खेर, अक्षय कुमार, सिद्धार्थ मल्होत्रा, विक्की कौशल और रवीना टंडन जैसे कई नाम शामिल हैं। इन सभी सेलिब्रिटीज ने पीड़ित परिवारों के लिए भी दुख जताया है।